जीवन सिंह शेरपुर का कहना "यदि केवल ज्ञापन देने भर से मुख्यमंत्री डर रहे हैं, तो उन्हें पद पर बने रहने का क्या औचित्य"

जीवन सिंह शेरपुर का कहना "यदि केवल ज्ञापन देने भर से मुख्यमंत्री डर रहे हैं, तो उन्हें पद पर बने रहने का क्या औचित्य"

⚫ रणनीति हमारी नहीं जिला प्रशासन की

⚫ वह चाहे तो शांतिपूर्ण और ना चाहे तो हो सकता कुछ भी

⚫ रतलाम में करणी सेना की 'यूजीसी जनजागरण यात्रा' को लेकर प्रशासन अलर्ट

⚫ राजपूत बोर्डिंग परिसर बना छावनी

हरमुद्दा
​रतलाम, 12 नवंबर। सवर्ण समाज के मुद्दों और यूजीसी (UGC) नियमों में सुधार की मांग को लेकर करणी सेना द्वारा निकाली जा रही 'यूजीसी जनजागरण यात्रा' के मद्देनजर रतलाम में जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। शहर के शास्त्री नगर क्षेत्र स्थित राजपूत बोर्डिंग परिसर और उसके आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात होने से छावनी जैसा माहौल बन गया है।

​जीवन सिंह शेरपुर ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

​राजपूत बोर्डिंग परिसर के भीतर आयोजित 'दीप मिलन समारोह' में शामिल हुए करणी सेना के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। शेरपुर का कहना है कि भोपाल में मुख्यमंत्री आवास घेराव जैसा कोई आयोजन नहीं है और उनका उद्देश्य केवल जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपना है। उन्होंने कहा, "यदि केवल ज्ञापन देने भर से मुख्यमंत्री डर रहे हैं, तो उन्हें पद पर बने रहने का क्या औचित्य है।"

पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की

​ कलेक्टर अजय कटे सरिया और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार नजर रखते हुए

शेरपुर ने स्पष्ट किया कि उनकी ओर से न तो विधानसभा और न ही कलेक्ट्रेट घेराव की कोई बात कही गई है। वे केवल यूजीसी के नियमों में सुधार की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन देना चाहते हैं, ताकि इसे उच्च स्तर तक पहुंचाया जा सके। प्रशासन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूरी कार्यप्रणाली रतलाम जिला प्रशासन ने बनाई है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि प्रशासन चाहेगा तो सब कुछ शांतिपूर्ण तरीके से होगा, अन्यथा स्थिति बिगड़ने, सड़कें खुदने, नुकसान होने या सरकार और भाजपा के विरुद्ध नारेबाजी व माहौल बनने की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

​मौके पर डटे रहे आला अधिकारी, बाहरी इलाकों में रोके गए कार्यकर्ता

​स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए दोपहर 12 बजे से ही जिला और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे रहे। राजपूत बोर्डिंग के बाहर कलेक्टर अजय कटेसरिया, एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार लाल, एसडीएम तरुण जैन और बाजना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा सहित भारी पुलिस अमला और मीडियाकर्मी मौजूद रहे।

गतिरोध की स्थिति

​फिलहाल मौके पर गतिरोध की स्थिति बनी हुई है, जहां पुलिस प्रशासन बोर्डिंग परिसर के अंदर नहीं जा रहा है और करणी सेना के पदाधिकारी बाहर नहीं आ रहे हैं। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करणी सेना के अन्य कार्यकर्ताओं को शहर के बाहरी क्षेत्रों में ही रोक लिया गया है।