भीषण गर्मी के मद्दे नजर रतलाम में स्कूल संचालन का समय बदला

भीषण गर्मी के मद्दे नजर रतलाम में स्कूल संचालन का समय बदला

विद्यार्थियों की सेहत को लेकर रतलाम प्रशासन का निर्णय

⚫ प्रदेश में रतलाम का तापमान चार दिनों से सर्वाधिक

⚫ अभिभावकों ने किया निर्णय का स्वागत

हरमुद्दा
रतलाम, 15 अप्रैल। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों को राहत दी है। चार दिन से लगातार प्रदेश में सर्वाधिक तापमान वाला जिला रतलाम बन रहा है। जिले में संचालित सभी स्कूलों के संचालन समय में तत्काल प्रभाव से बदलाव किया गया है। सुबह 7:30 से 1:00 तक स्कूलों का संचालन होगा। 

कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशानुसार, जिले के सभी स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। ​जिला शिक्षा अधिकारी अशोक लोढा ने बताया कि गर्मी की लहर और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अब स्कूलों के संचालन का समय प्रातः 07:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह आदेश जिले में संचालित होने वाले सभी शिक्षण संस्थान शासकीय एवं अशासकीय (निजी) विद्यालय, ​अनुदान प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त स्कूल, ​सी.बी.एस.ई (CBSE) एवं आई.सी.एस.ई (ICSE) बोर्ड से संबद्ध विद्यालय, ​माध्यमिक शिक्षा मण्डल से संबद्ध स्कूल पर लागू होगा।

लगातार बढ़ रहा है तापमान रतलाम का

15 अप्रैल को 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। 14 अप्रैल 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। 13 को 41.2 डिग्री सेल्सियस, 12 अप्रैल को 41 डिग्री सेल्सियस एवं 11 को 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। 

विद्यार्थियों की सेहत के मद्देनजर लिया निर्णय

श्री लोढ़ा ने बताया "वर्तमान में जिले में अत्यधिक गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के हित में यह कदम उठाया गया है। सभी विद्यालयों को इस समय-सारणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।"

प्रशासन के फैसले का स्वागत

​दोपहर की चिलचिलाती धूप में बच्चों के घर लौटने की चिंता कर रहे अभिभावकों ने प्रशासन के इस फैसले का स्वागत किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोत्तरी होने की संभावना है, जिसे देखते हुए यह बदलाव अनिवार्य माना जा रहा था।