...और हो गई हत्या : दोनों भाई निकले थे नए साल में घर जाने के लिए मगर छोटे भाई की हो गई हत्या
⚫ निकले थे महाराष्ट्र से सामान लेकर राजस्थान अपने गांव जाने के लिए
⚫ एक के ट्रक में थे पपीते, दूसरे के पास कपास
⚫ पुलिस ने एक नाबालिग सहित सात को किया गिरफ्तार
हरमुद्दा
रतलाम, 19 मार्च। दिल में तमन्ना थी कि दोनों भाई नए साल में घर परिवार में जाएं। खुशी मनाएं, मगर होनी को कुछ और मंजूर था। गलतफहमी में लोगों ने दोनों भाई के साथ मारपीट कर दी और छोटे भाई को जान से हाथ धोना पड़ा। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात को यह घटना हुई जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र में। ट्रक ड्राइवर दो भाइयों की बदमाशों ने लट्ठ और लोहे के टामी से मार मार कर गंभीर घायल कर दिया। दोनों भाइयों को मेडिकल अस्पताल ले गए, जहां छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गंभीर घायल है। जिसका इलाज किया जा रहा है।
एक ने भरा पपीता तो दूसरे ने कपास
घायल बड़े भाई उदय सिंह पिता भेरु सिंह तंवर (40) निवासी ग्राम बड़ी सादड़ी जिला चित्तौड़ राजस्थान ने पुलिस को बताया कि मेरा छोटा भाई भगवान सिंह और मैं हम दोनों ट्रक ड्राइवरी करते हैं। मैंने ट्रक क्रमांक RJ 09 GA 8876 भाड़े पर महाराष्ट्र शारदा से पपीता भरा जिसे पुष्कर राजस्थान लेकर जा रहा था। छोटे भाई भगवान ने उसके ट्रक क्रमांक RJ 09 GD 2206 में सनावद से कपास भरकर भीलवाड़ा के लिए निकला।
दोनों भाई मिले हम मानपुर में
हम दोनों भाइयों ने फोन पर बात कर लेबर के पास मानपुर में मिले और वहां से अपने-अपने ट्रक लेकर निकले। तभी रात करीब 9:30 बजे सातरुंडा से रतलाम की ओर जाने वाली फोर लाइन रोड पर एक मोटरसाइकिल जिस पर तीन लड़के सवार थे, हमारे ट्रक के आगे पीछे चला कर हॉर्न बजाते हुए कटबाजी करने लगे।
गाली गलौज कर करने लगे विवाद
रात करीब 10 बजे हमने हमारे दोनों ट्रक को बिलपांक फंटे के पास चाय की होटल के सामने खड़े कर चाय पीने लगे। तभी मोटरसाइकिल क्रमांक MP43 EC 3484 पर सवार तीनों लड़के भारत, रोहित और सूरज हमारे पास आए और ट्रक से पानी निकलने की बात पर गाली गलौज कर विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने अपने दोस्तों को फोन कर बुला लिया। थोड़ी देर बाद दो मोटरसाइकिल MP 43 DR 9181 ओर MP 43 ZL 3563 पर चार युवक भी पहुंच गए।
एक युवक पहले से मौजूद
घटना स्थल पर सात आरोपी के पहुंचने से पूर्व ही एक आरोपी पहले से ही मौजूद था। आठो आरोपियों ने मिलकर ट्रक ड्राइवर दोनों भाइयों के साथ जमकर विवाद करते हुए लाठी और लोहे की टामी से हाथ पैर और सिर पर वार कर दिया। जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसे तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान छोटे भाई भगवान सिंह (39) की मौत हो गई।
नाबालिग सहित सात आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए वारदात को अंजाम देने वाले एक 16 वर्षीय नाबालिग सहित सात आरोपी भरत पिता बाबूलाल भूरिया (40) निवासी चिकलिया, रोहित पीतम रामेश्वर निनामा (19), रामेश्वर पिता शोभाराम निनामा (50), जगदीश पिता शोभाराम निमा (45), कन्हैया पिता रामेश्वर निनामा (21), तुलसीराम पिता धूलजी (28) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Hemant Bhatt