थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी नबील ने किया चाकू से हमला, 9 पुलिसकर्मी घायल

पूछताछ के लिए बुलाए गए व्यक्ति द्वारा थाने के अंदर ही चाकू से हमला कर 5 पुलिसकर्मियों को घायल कर दिए जाने की इस घटना ने थानों के भीतर सुरक्षा और तलाशी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी नबील ने किया चाकू से हमला, 9 पुलिसकर्मी घायल

⚫ राहगीर का वाहन लेकर भागा

⚫ मुठभेड़ के बाद दबोचा

⚫ 8 राउंड गोली चलाई

हरमुद्दा
​नई दिल्ली, 23 नवंबर। राजधानी के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने अचानक चाकू से हमला कर 5 पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया और भागते समय एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। हालांकि, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट ने चितली कब्र इलाके में पीछा कर उसे घेर लिया, जहां जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद उसे पकड़ लिया गया।


​पारिवारिक विवाद की पूछताछ में अचानक किया हमला

पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे आरोपी नबील को उसकी मां और बहन से जुड़े एक पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान नबील ने अचानक चाकू निकाला और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया।

5 पुलिसकर्मी घायल, अस्पताल में भर्ती

डीसीपी रोहित राजवीर ने मीडिया को बताया कि आरोपी के इस अचानक हुए हमले में 5 पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं। घटना के बाद घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए संजीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें सर गंगाराम अस्पताल रेफर किया गया।

दोपहिया वाहन लूटकर भागा, चितली कब्र में मुठभेड़

थाने में हमला करने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला और भागने के क्रम में उसने रास्ते में एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। सूचना मिलते ही सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट ने उसकी तलाश शुरू की और चितली कब्र स्थित हवेली आजम खान गली में उसे घेर लिया। पुलिस के अनुसार, पकड़ने की कोशिश के दौरान आरोपी ने टीम पर दोबारा हमला किया, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हुए। जिसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी को गोली लग गई। कमर के नीचे 8 राउंड फायर किए गए जिसमें 6 लगे। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और हिरासत में ले लिया गया।

थाने के भीतर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

पूछताछ के लिए बुलाए गए व्यक्ति द्वारा थाने के अंदर ही चाकू से हमला कर 5 पुलिसकर्मियों को घायल कर दिए जाने की इस घटना ने थानों के भीतर सुरक्षा और तलाशी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।