स्टेटस पर लिखा- 'मम्मी-पापा सॉरी, अलविदा'

स्टेटस पर लिखा- 'मम्मी-पापा सॉरी, अलविदा'

⚫ मेहमानों को छोड़ने के बहाने जावरा आए रवि ने होटल के कमरे में लगाई फांसी

⚫ मैसेज देखने के बाद परिजन पहुंचे थाने

⚫​ प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला आया सामने

⚫ जिस युवती से शादी करना चाहता था, उसका विवाह तय होने से सदमे में था युवक

हरमुद्दा
​रतलाम/जावरा, 23 नवंबर। जिले के जावरा स्थित एक होटल में रविवार शाम को एक 28 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान ग्राम मामटखेड़ा निवासी रवि पँवार के रूप में हुई है। आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवक ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर एक भावुक संदेश साझा कर माता-पिता से माफी मांगी। प्रारंभिक पुलिस जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग में असफलता का कारण सामने आ रहा है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार गांव में ही एक विवाह समारोह का आयोजन था। समारोह में शामिल होने आए मेहमानों को छोड़ने के लिए युवक अपनी बाइक से जावरा आया था। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटा। समाज के ग्रुप में संदेश और उसके मोबाइल का स्टेटस देखा तो चिंतित परिजन उसकी तलाश करते हुए जावरा थाने पहुंचे। जहां पर पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। इसके आधार पर पुलिस और परिजन पटेल होटल पहुंचे। जहां देखा तो रवि पंखे पर लटका हुआ था।

​अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

पुलिस और परिजनों की मदद से युवक को फंदे से उतारकर तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

​शादी तय होने के गम में उठाया आत्मघाती कदम

पुलिस जांच और पारिवारिक सूत्रों से यह जानकारी सामने आई है कि मृतक युवक एक युवती से प्रेम करता था और उसी से विवाह करने की इच्छा रखता था। उसने इस संबंध में अपने परिजनों को भी बताया था। हालांकि, उक्त युवती का विवाह कहीं और तय हो गया था और उसकी शादी हो रही थी। इसी बात को लेकर युवक गहरे मानसिक तनाव और सदमे में था।

प्रकरण की पुलिस कर रही तफ्तीश

​आत्महत्या करने से ठीक पहले युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के स्टेटस पर लिखा— "मम्मी-पापा सॉरी, मैं जा रहा हूं, अलविदा।" इस संदेश को देखने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मोबाइल फोन और स्टेटस की जांच करते हुए पूरे प्रकरण की तफ्तीश कर रही है।