दुर्घटना या हत्या : विधायक प्रतिनिधि धाकड़ का सड़क किनारे मिला शव
⚫ बेटे ने जताई हत्या की आशंका
⚫ कुछ दिन पहले हुआ था दो व्यक्तियों से विवाद विधायक प्रतिनिधि का
⚫ पुलिस अधीक्षक ने किया एसआईटी का गठन
हरमुद्दा
रतलाम, 8 जुलाई। जिले की आलोट विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि का अपने गांव से कुछ दूरी पर सड़क किनारे रात को शव मिला। बेटे ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया है।
मिली जानकारी के अनुसार सरसी निवासी कन्हैयालाल धाकड़ जो कि आलोट विधायक डॉक्टर चिंतामणि मालवीय के विधायक प्रतिनिधि हैं। सोमवार की रात को सरसी और केरवासा के बीच सड़क पर मोटरसाइकिल गिरी हुई तथा उनका शव मिला।

घटनास्थल पर पड़ी मोटरसाइकिल और चप्पल
इस मामले में बेटे अजय धाकड़ ने हत्या की आशंका जताई है। बेटे ने बताया कि करीब 8-10 दिन पूर्व सरकारी जमीन को लेकर विनोद खारोल और शहजाद से विवाद हुआ था। बीती शाम पापा किसी मित्र के जन्मदिन के आयोजन में शामिल होने के लिए उपलई गांव गए थे।
...और आधे घंट बाद मिले दुर्घटना की सूचना
बेटे अजय ने बताया कि रात को करीब 9:45 बजे फोन आया था कि गेहूं की ट्राली भरकर रखना। सुबह रतलाम मंडी जाना है। इसके तकरीबन डेढ़ घंटे बाद ही दुर्घटना की सूचना मिली।
डॉग स्क्वायड टीम पहुंची घटनास्थल

मंगलवार को सुबह घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची। पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे। जहां पर कन्हैयालाल धाकड़ की मोटरसाइकिल व चप्पल पड़ी हुई थी।
शव रखकर किया प्रदर्शन

पोस्टमार्टम के बाद शव मिला और आक्रोशित लोगों ने शव रख कर प्रदर्शन किया। लोगों का यही कहना था कि यह दुर्घटना नहीं, हत्या है।
रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मामले की गंभीरता के मद्देनजर एसआईटी गठित कर जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि आखिर धाकड़ की हत्या हुई है या दुर्घटना में उनकी मौत हो गई।
Hemant Bhatt