दर्दनाक हादसा : फोरलेन पर बस ने मारी बाइक को टक्कर, एक की मौत, एक घायल
⚫ शव रखकर आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
⚫ मौखिक आश्वासन के बाद तक का जाम समाप्त
⚫ गंभीर घायल को किया अहमदाबाद रेफर
हरमुद्दा
रतलाम, 15 मई। गुरुवार की रात को फोरलेन पर बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। शुक्रवार को सुबह फोर लेन पर बड़ौदा फंटे के यहां शव रखकर परिजनों एवं ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। मौखिक आश्वासन के बाद चक्का जाम समाप्त हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़ौदा निवासी कन्हैयालाल (27) पिता बसंतीलाल और सुखराम (25) पिता भगवान लाल, दोनों ढोल बजाने का काम करते थे। गुरुवार रात करीब 9 बजे दोनों नामली से अपनी मोटरसाइकिल द्वारा वापस अपने गांव बड़ौदा जा रहे थे। इसी दौरान बड़ौदा फटे पर एक तेज रफ्तार मीनाक्षी बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में कन्हैयालाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुखराम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अहमदाबाद रेफर कर दिया है।
शुक्रवार को कर दिया चक्का जाम
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह मृतक कन्हैयालाल के शव को एम्बुलेंस में रखकर बड़ौदा फटे पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि बड़ौदा फटा होने के बावजूद रोड पर न तो कोई स्पीड ब्रेकर बनाया गया है और न ही कोई सांकेतिक बोर्ड (निशान) लगाया गया है, जिससे आए दिन हादसे होते हैं। ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा राशि देने और घायल युवक के इलाज की मांग प्रशासन के सामने रखी।
मौके पर पहुंचे जिम्मेदार
चक्काजाम की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसडीएम विवेक सोनकर और एसडीओपी किशोर पाटनवाला भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा की। प्रशासन द्वारा उचित मुआवजा दिलाने और गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) व संकेतिक बोर्ड लगवाने का लिखित/मौखिक आश्वासन दिए जाने के बाद चक्काजाम को समाप्त किया गया।
Hemant Bhatt