सख्त रुख : अवैध शराब माफिया पर बड़ी कार्रवाई

सख्त रुख : अवैध शराब माफिया पर बड़ी कार्रवाई

⚫ नामली का आदतन अपराधी राजाराम जाट 6 माह के लिए रतलाम सहित 6 जिलों से जिलाबदर

हरमुद्दा
​रतलाम, 10 नवंबर। जिले में अवैध शराब के काले कारोबार पर नकेल कसने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सख्त कदम उठाते हुए नामली थाना क्षेत्र के ग्राम रुघनाथगढ़ निवासी राजाराम पिता रामचन्द्र जाट के खिलाफ जिलाबदर का आदेश जारी किया है। यह दंडात्मक कार्रवाई मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के प्रावधानों के तहत की गई है।


​इन 6 जिलों की सीमाओं में प्रवेश पर लगा प्रतिबंध

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अनावेदक राजाराम को आगामी 6 माह की अवधि के लिए रतलाम जिले की संपूर्ण राजस्व सीमाओं से निष्कासित किया गया है। इसके साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पड़ोसी जिलों—उज्जैन, आगर, धार, झाबुआ एवं मंदसौर की राजस्व सीमाओं में भी उसके प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

मिलावटी व जहरीली शराब से जनहानि रोकने का प्रयास

जिला प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और बिक्री में बार-बार संलिप्त रहने वाले आदतन अपराधियों के खिलाफ यह प्रतिबंधात्मक मुहिम आगे भी जारी रहेगी। इस सख्त कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य जिले में जहरीली और मिलावटी शराब के अवैध फैलाव पर प्रभावी रोक लगाना है, ताकि किसी भी तरह की जनहानि को टाला जा सके और सामाजिक शांति कायम रहे।