कन्या भोज में आई बच्चियों को बंधक बनाकर कपड़े उतरवाए
⚫ शिक्षिका ने लगाया रुपए चोरी होने का आरोप
⚫ तलाशी पर भारी हंगामा
⚫ रोते हुए थाने पहुंचीं छात्राएं
हरमुद्दा
इंदौर, 20 अक्टूबर। धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था के पर्व पर शहर से एक अत्यंत हृदयविदारक और शर्मनाक मामला सामने आया है। इंदौर में कन्या भोज के लिए आमंत्रित की गई मासूम बालिकाओं को बंधक बनाकर उनकी कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने का सनसनीखेज आरोप लगा है। शिक्षिका द्वारा रुपए चोरी होने के संदेह में की गई इस अमानवीय हरकत के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ। घटना से भयभीत और रोती-बिलखती कन्याएं न्याय की गुहार लगाने सीधे पुलिस थाने पहुंचीं।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदौर के एबी रोड स्थित शहनाई रेसीडेंसी में कन्या पूजन एवं भोज का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें स्थानीय नया बसेरा क्षेत्र की छोटी-छोटी बच्चियों (कन्याओं) को श्रद्धापूर्वक आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद फ्लेट में रहने वाली एक सरकारी शिक्षिका अनिता के कुछ (500) रुपए गुम हो गए।
बालिकाओं पर जताया चोरी का संदेश
रुपए न मिलने पर शिक्षिका ने बिना किसी ठोस सबूत के मासूम बालिकाओं पर चोरी का संदेह जताया। इसके बाद स्थिति तब भयावह हो गई जब शिक्षिका और आयोजकों ने कन्याओं को एक कमरे में बंद (बंधक) कर दिया और रुपए बरामद करने के नाम पर उनके कपड़े उतरवाकर सघन तलाशी ली।
परिजनों का गुस्सा और थाने में हंगामा
जब बच्चियों को कमरे से छोड़ा गया, तो वे रोती-बिलखती हुई अपने घर पहुंचीं और परिजनों को आपबीती सुनाई। मासूमों के साथ हुई इस बदसलूकी और अमानवीय व्यवहार की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा।
दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
आक्रोशित परिजन बालिकाओं को लेकर तुरंत संबंधित पुलिस थाने पहुंचे और शिक्षिका व दोषी आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस थाने में रोती हुई मासूमों की तस्वीरें और परिजनों का आक्रोश देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया।
धार्मिक चेतना पर कलंक
स्थानीय लोगों का कहना है कि"कन्या पूजन के पवित्र अवसर पर मासूम बेटियों के साथ इस तरह का क्रूर और अपमानजनक व्यवहार न केवल अमानवीय है, बल्कि हमारी सामाजिक और धार्मिक चेतना पर भी एक गहरा कलंक है।"
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। शिक्षिका को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बालिकाओं और उनके परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है।
Hemant Bhatt