रतलाम के सैलाना में दुकान पर घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट
⚫ मुख्य आरोपी विदेसिंग निनामा सहित 5 गिरफ्तार
⚫ लकड़ियां और 2 मोटरसाइकिल जब्त
हरमुद्दा
रतलाम, 20 अक्टूबर। जिले के सैलाना थाना क्षेत्र में गत 19 अक्टूबर 2026 की शाम को एक दुकान में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित पांचों आरोपियों को धर दबोचा है और घटना में प्रयुक्त सामग्री भी जब्त कर ली है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर को शाम करीब 06:00 बजे फरियादी ताहेर पिता नजमुद्दीन बोहरा (निवासी सैलाना) अपनी जूते-चप्पल की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान विदेसिंग निनामा निवासी सांसर अपने अन्य साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा।

घायल ताहेर
आरोपियों ने बिना किसी ठोस वजह के दुकान में जबरन घुसकर हंगामा किया, झगड़ा-विवाद और गाली-गलौज की। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी और मारपीट की, जिससे फरियादी ताहेर और अन्य लोगों को गंभीर चोटें आईं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और धाराएं
घटना की सूचना मिलते ही सैलाना थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल मौके का जायजा लिया और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजकर उनका मेडिकल परीक्षण कराया।
प्रारंभिक मामलों के बाद पुलिस ने विवेचना का दायरा बढ़ाते हुए प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं का इजाफा किया है।
धाराएं: 296(b), 115(2), 351(3), 324(4), 3(5), 119(1), 191(2) एवं 331 BNS।
गिरफ्तार आरोपी और जब्ती
पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर घटना में शामिल पाँचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लकड़ियां और 02 मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
गिरफ्तार आरोपी

⚫ विदेसिंग पिता मशरु निनामा (निवासी सांसर)
राहुल निनामा (निवासी आम्बाकुड़ी)
⚫ कपिल निनामा (निवासी इंद्रावल खुर्द)
⚫ करण पिता छगन चरपोटा
⚫ अनिल पिता शंकर डिण्डौर
कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
सैलाना थाना पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस की यह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Hemant Bhatt