कोर्ट का फैसला : दुकान में घुसकर व्यापारी पर लोहे की रॉड से हमला करने वाले बदमाश रेहान को 5 साल की जेल
⚫ 2 साल पुराना मामला
⚫ इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था हमले का वीडियो
⚫ वीडियो बनाने वाले दो सह-आरोपी बरी
हरमुद्दा
रतलाम, 30 अक्टूबर। शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत 2 वर्ष पूर्व एक किराना व्यापारी की दुकान में घुसकर लोहे की रॉड (सरिये) से जानलेवा हमला करने और दुकान में तोड़फोड़ करने के गंभीर मामले में न्यायालय ने अपना फैसला सुना दिया है। सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव की अदालत ने मुख्य अभियुक्त रेहान उर्फ बाल पिता जब्बार खां (22 वर्ष), निवासी जूनी कलालसेरी हरमाला रोड रतलाम को दोषी ठहराते हुए 5 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। वहीं, घटना का वीडियो बनाने वाले दो अन्य सह-अभियुक्तों रोशन और अमन को सबूतों के अभाव में दोषमुक्त (बरी) कर दिया गया है।
मामले में पैरवी करने वाले अपर लोक अभियोजक एवं शासकीय अधिवक्ता समरथ पाटीदार ने हरमुद्दा को बताया कि घटना 29 जुलाई 2024 की शाम करीब 5:30 बजे की है। फरियादी रमेशचंद्र पोखरना अपनी किराना दुकान पर बैठे थे और एक ग्राहक सामान ले रहा था। उसी दौरान घर के सामने रहने वाला आरोपी रेहान अपने साथियों के साथ हाथ में लोहे की रॉड लेकर आया और गाली-गलौज करते हुए दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
सिर पर मारी थी रॉड, वीडियो हुआ था वायरल
आरोपी रेहान ने जान से मारने की नियत से व्यापारी रमेशचंद्र के सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और खून बहने लगा। दुकान पर खड़े ग्राहक ने बीच-बचाव कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए। घायल व्यापारी को तत्काल जिला चिकित्सालय रतलाम में भर्ती कराया गया।
पुलिस जांच और जब्ती
घटना की रिपोर्ट स्टेशन रोड थाने में दर्ज की गई थी। पुलिस ने मौके से तोड़फोड़ का नुकसानी पंचनामा तैयार कर फर्श से खून के नमूने जब्त किए थे। जांच के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल और लोहे का सरिया बरामद किया गया। घटना के समय दुकान के अंदर हुई मारपीट का वीडियो इंस्टाग्राम पर भी काफी वायरल हुआ था। न्यायालय ने दोनों पक्षों की बहस, गवाहों के बयानों और पुलिस द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी रेहान को 5 वर्ष की सजा से दंडित किया। शासकीय अधिवक्ता श्री पाटीदार ने बताया कि वर्तमान में रेहान अन्य प्रकरण में बड़वानी जेल में बंद है।
Hemant Bhatt