गेहूं चोर पकड़ में : अंतर जिला चोर गिरोह के भंवर लाल और लखन ने 11 जगह चोरी करना किया कबूल

गेहूं चोर पकड़ में : अंतर जिला चोर गिरोह के भंवर लाल और लखन ने 11 जगह चोरी करना किया कबूल

माल, रुपए सहित चोरी में प्रयुक्त लाखों के वाहन जब्त

हरमुद्दा
रतलाम, 20 मई। बड़ावदा में गेहूं चोरी की घटना को अंजाम देने वाले अंतर जिला चोर गिरोह की तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी भंवर और लखन ने 11 जगह चोरी करना कबूल किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त वाहन, नगदी सहित अन्य लाखों की सामग्री जब्त की है।

पुलिस कंट्रोल रूम पर हुई प्रेस वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक लाल ने बताया कि  06 मई 2026 को फरियादी अय्युब खां पिता बसीर खां मेवाती, उम्र 57 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 13 बड़ावदा द्वारा थाना बड़ावदा पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उसके खेत कुएं पर बने टीन शेड में 10 बीघा खेत  से काटकर निकाला गेहूं रखा हुआ था। दिनांक 05 मई 2026 की रात्रि खेत देखने के बाद वह घर लौट आया था। अगले दिन सुबह खेत पर पहुंचने पर गेहूं बिखरा हुआ मिला तथा मौके पर वाहन के टायरों के निशान दिखाई दिए। जांच करने पर गेहूं चोरी होना पाया गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बड़ावदा पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

प्रशिक्षु आईपीएस के नेतृत्व में टीम

थाना प्रभारी बड़ावदा प्रशिक्षु आईपीएस वैभव प्रिय के नेतृत्व में थाना बड़ावदा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज एवं आईसीजेएस डाटा के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई।

संदिग्ध से हुई पूछताछ

जांच के दौरान संदिग्ध भंवरलाल पिता आशाराम चंद्रवंशी निवासी रोहलखुर्द थाना नागदा मंडी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी लखनसिंह गुर्जर के साथ मिलकर गेहूं चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए एक दिन पूर्व बड़नगर क्षेत्र से आयशर वाहन चोरी किया गया था, जिसके माध्यम से गेहूं चोरी कर कच्चे रास्तों से रोहलखुर्द पहुंचाया गया। आरोपियों द्वारा चोरी किए गए गेहूं को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर महिदपुर मंडी में बेच दिया गया। चोरी में प्रयुक्त आयशर वाहन आरोपी युसुफ पिता बाबु शाह निवासी देपालपुर को सौंपा गया, जिसने वाहन को काट दिया। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

11 चोरी की करना कबूल 

पूछताछ के दौरान आरोपियों भंवरलाल चंद्रवंशी एवं लखन गुर्जर द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कुल 11 चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया गया है। पुलिस द्वारा अब तक 04 प्रकरणों में चोरी गया मश्रुका बरामद कर लिया गया है। अन्य घटनाओं के संबंध में आरोपियों से पुलिस रिमांड पर विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी

⚫ भंवरलाल पिता आशाराम चन्द्रवंशी, उम्र 42 वर्ष निवासी रोहलखुर्द थाना नागदा मंडी

⚫ लखनसिंह पिता रतनलाल गुर्जर, उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम एकतासा थाना देपालपुर जिला इंदौर

⚫ युसुफ पिता बाबु शाह, उम्र 45 वर्ष निवासी गौतमपुरा रोड, नाका पानी की टंकी के पास, देपालपुर जिला इंदौर

आरोपियों के कब्जे से जब्त सामग्री

⚫ एक आईशर कंपनी का ट्रक। मूल्य करीब 2,00,000/-

⚫  एक आईशर ट्रेक्टर - ट्राली कीमत 6,50,000/- रुपए

⚫  दो मोटर सायकल किमती 1,10,000/- रुपए

⚫ गेहुं बिक्री की नगदी राशी 95,000/- रुपए

⚫ पुराने चद्दर 09। मूल्य 18 हजार रुपए।