सामाजिक सरोकार : सांस्कृतिक संध्या में सजी भारतीय संस्कृति की रंगारंग शाम
⚫ भारतीय नववर्ष स्वागत अवसर पर संस्कार भारती व महाराष्ट्र समाज का संयुक्त आयोजन
⚫ कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
हरमुद्दा
रतलाम, 31 मार्च। भारतीय नववर्ष के स्वागत एवं अभिनंदन के अवसर पर संस्कार भारती मालवा प्रांत इकाई रतलाम एवं महाराष्ट्र समाज के संयुक्त तत्वावधान में स्टेशन रोड स्थित महाराष्ट्र समाज परिसर में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संगीत विदुषी सुशीला देवी व्यास एवं विशिष्ट अतिथि युवा व्यवसायी मेघ कुमार लुनिया द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती संगीत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके पश्चात संस्कार भारती का ध्येय गीत कु. सौम्या पनालकर एवं श्रीमती करिश्मा जैन ने प्रस्तुत किया। अतिथियों के स्वागत उपरांत संस्था का परिचय प्रशांत शौचे द्वारा दिया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में मनमोहा
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में कु. अवनी उपाध्याय ने भारत वंदना प्रस्तुत की, वहीं कु. शैली चंदेले ने मीराबाई का भक्ति पद प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बाल कलाकार कु. गोपिका बैरागी ने शास्त्रीय संगीत में राग भूपाली की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुति में हारमोनियम पर निलेश जोशी एवं तबले पर वैभव अग्रवाल ने संगत की। युवा कवियित्री कु. प्रीति उपाध्याय ने काव्य पाठ कर श्रोताओं को भाव-विभोर किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सरस्वती संगीत महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय नृत्य रहा, जिसमें भारत के विभिन्न प्रांतों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।
स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के अंत में संस्था के संरक्षक सुहास चितले द्वारा अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। अतिथियों ने भी सभी कलाकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। संचालन राधिका शौचे ने किया। आभार महाराष्ट्र समाज के अध्यक्ष मिलिंद करंदीकर ने माना। कार्यक्रम का समापन कु. प्रियांशी शर्मा द्वारा प्रस्तुत वंदे मातरम् के साथ हुआ।
Hemant Bhatt