गुप्त सूचना पर कार्रवाई : पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रही थी एमडी ड्रग्स बनाने की अवैध फैक्ट्री
⚫ अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय अनुभवी एमडी निर्माता जमशेद लाला सहित 04 आरोपी गिरफ्तार
⚫ जमशेद लाला के खिलाफ मध्य प्रदेश, गुजरात राजस्थान में अनेक प्रकरण दर्ज
हरमुद्दा
रतलाम, 31 मार्च। पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रही एमडी ड्रग बनाने की अवैध फैक्ट्री पर पुलिस में योजना पद्धत तरीके से रात में कार्रवाई की। अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय अनुभवी एमडी निर्माता जमशेद लाल सहित चार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 200 ग्राम एचडी ड्रग्स सहित केमिकल और अन्य उपकरण जब्त किए हैं।

पुलिस कंट्रोल रूम पर हुई प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मुख्य सरगना जमशेद लाला के विरुद्ध राजस्थान, गुजरात एवं मध्यप्रदेश में पूर्व में प्रकरण दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से संगठित ड्रग मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। दबिश से एक दिन पूर्व लगभग 3 किलो एमडी एक पार्टी को सप्लाई किया जाना भी सामने आया है। पुलिस द्वारा संपूर्ण सप्लाई चेन की जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सलीम अहमद खान के पोल्ट्री फार्म पर दबिश
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा थाना पिपलोदा अंतर्गत ग्राम बोरखेड़ा स्थित सलीम पिता अहमद खान के पोल्ट्री फार्म पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान परिसर में अवैध रूप से संचालित सिंथेटिक ड्रग (MD/MDMA) निर्माण फैक्ट्री का खुलासा हुआ, जहां चार आरोपी सक्रिय रूप से मादक पदार्थ का निर्माण करते गिरफ्तार किए गए।
मुखबिर से मिली सूचना गठित की टीम
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कुछ दिन पूर्व मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बरखेड़ा में एक पोल्ट्री फार्म में कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ की फैक्ट्री संचालित कर रहे है। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के नेतृत्व में सायबर सेल, थाना पिपलौदा, थाना जावरा शहर, थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
सोमवार मंगलवार की रात्रि में किया ऑपरेशन
टीम द्वारा सोमवार मंगलवार की रात संदिग्ध स्थान पर पहुंचकर पोल्ट्री फार्म पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान चार लोग मिले जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस द्वारा चारों तरफ से घेराबंदी कर रईस खान पिता असलम खान, उम्र 35 वर्ष, निवासी राकोदा थाना पिपलोदा, युसूफ पिता शमशेर खान, उम्र 45 वर्ष, निवासी बोरखेड़ा थाना पिपलोदा, सलीम उर्फ राजू पिता अहमद खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी बन्नाखेड़ा थाना आईए जावरा एवं जमशेद खान उर्फ सेठ पिता अफजल खान, उम्र 42 वर्ष, निवासी देवल्दी थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) को पकड़ा। चारों मिलकर केमिकल का उपयोग कर एमडी बना रहे थे।
200 ग्राम एमडी सहित उसके बनाने के मिले केमिकल
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पोल्ट्री फार्म की विधिवत तलाशी लेते 200 ग्राम तैयार की गई एम डी एवं एमडी बनाने के केमिकल, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, भट्टी, ड्रायर मशीन, इलेक्ट्रिक बोर्ड मिले। आरोपियों द्वारा पूछताछ में अवैध मादक पदार्थ एम डी बनाने की फैक्ट्री का संचालन करना स्वीकार किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना पिपलोदा पर कायमी अपराध क्रमांक 92/2026 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
यह सब मिला अवैध फैक्ट्री से

⚫ 200 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी। कीमत लगभग 20 लाख रुपए
⚫ एमडी बनाने का केमिकल 2 ब्रोमो-4 मिथाइल
⚫ प्रोपिओफेनोन – 900 ग्राम,
⚫ MDC केमिकल – कुल 140.48 किलोग्राम
⚫ HCL केमिकल – 35.600 किलोग्राम
⚫ गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा एवं भट्टी, ड्रायर मशीन, छाछ बनाने की मशीन, स्टील की थालियां, मल्टीपिन स्विच बोर्ड, प्लास्टिक कैन एवं अन्य प्रोसेसिंग उपकरण, तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी संदीप मालवीय, निरीक्षक रमेश कोली थाना प्रभारी पिपलौदा, निरीक्षक अमित कोरी प्रभारी सायबर सेल, निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, उप निरीक्षक राजेश मालवीय, रघुवीर जोशी, कुलदीप डाबी, राजू मखोड, इंद्रपाल सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, हिम्मत सिंह, राहुल उपाध्याय, महेंद्र धाकड़, बालकृष्ण चंदेल, विपुल भावसार, राधेश्याम चौहान, अभय चौहान, सोनपाल, रवि, प्रीतम, नारायण सिंह, रोहताश जाट, मुकेश, राजेश पटेल, नरेंद्र सिंह, विजयपाल सिंह, विजेश पाटीदार सराहनीय भूमिका रही।
Hemant Bhatt