शिक्षा सरोकार : SYSITS के शिक्षा शिखर सम्मान समारोह में प्रतिभावान विद्यार्थियों का किया अभिनंदन
⚫ विभिन्न क्षेत्रों में प्रचुर अवसर मौजूद
⚫ आगंतुक विद्यार्थियों ने की बढ़-चढ़कर सहभागिता
⚫ कौशल विकास की तकनीकों से अपने आपको करते रहे अद्यतन : शर्मा
हरमुद्दा
रतलाम, 30 मई। श्री योगींद्र सागर इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, रतलाम में जिले के एमपी बोर्ड तथा सेंट्रल बोर्ड के हायर सेकेंडरी परीक्षा 2025 में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मानार्थ शिक्षा शिखर सम्मान समारोह 2025 का आयोजन किया गया।

यह जानकारी देते हुए संस्था के वाइस चेयरमैन उमेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों को मंच से पदक तथा प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान तथा शैक्षणिक ज्ञानवर्धन हेतु प्रश्नोत्तरी तथा कई शैक्षणिक मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया जिसमें आगंतुक विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
इनका मिला आतिथ्य

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी, रतलाम के जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय तथा विशिष्ट अतिथि रतलाम शहर के ख्यात उद्योगपति सुशील अजमेरा थे। अपने प्रेरणास्पद उद्बोधन में विद्यार्थियों से कड़ी मेहनत करने तथा अपने बुद्धि कौशल का प्रयोग करके अपने परिवार, संस्थान तथा शहर का नाम रोशन करने का आह्वान किया। 12वीं में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक तथा प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया।
स्वयं पर विश्वास रखकर जीवन में बढ़े आगे
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि ख्यात मैराथन धावक तथा सेवानिवृत सहायक जीएसटी कमिश्नर विजय सोहनी, इंदौर ने अपने रोचक उद्बोधन से विद्यार्थियों को स्व अनुशासन तथा स्वयं पर विश्वास रखकर जीवन में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।
संस्था के प्रतिभावान विद्यार्थियों का किया सम्मान
इस अवसर पर संस्थान द्वारा अपने इंजीनियरिंग, प्रबंधन तथा साइंस के उन विद्यार्थियों का जिन्होंने आकर्षक पैकेज पर ख्यात नाम कंपनियों में प्लेसमेंट प्राप्त किया। विभिन्न स्पोर्ट्स गतिविधियों में राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व किया। उन विद्यार्थियों का भी पदक तथा प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही संस्था के त्रैमासिक रूप से प्रकाशित होने वाले मुख पत्र एसवायएसआईटीएस क्रॉनिकल का भी मंचासिन मुख्य अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया।
कौशल विकास की तकनीकों से अपने आपको करते रहे अद्यतन
इस अवसर पर संस्थान के पितृ पुरुष संस्थापक गोपाल प्रसाद शर्मा “टंच” तथा अध्यक्ष भरत शर्मा “टंच" ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अध्ययन के साथ-साथ कौशल विकास की तकनीकों से अपने आपको अद्यतन करते रहें।
विभिन्न क्षेत्रों में प्रचुर अवसर मौजूद
संस्थान के वाइस चेयरमैन उमेश शर्मा, वरदान शर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद प्रचुर अवसरों की जानकारी को विद्यार्थियों से साझा किया। संस्था निदेशक डॉ. गिरीश शाह ने अतिथियों तथा विद्यार्थियों का आभार माना। संचालन प्रो. अंशिता शर्मा, मीमांसा मिश्रा तथा पूनम चौहान ने किया।
Hemant Bhatt