कार्तिक पूर्णिमा पर तीन दिव्य संयोग: भजनों और पादुका पूजन से गूंजा बुद्धेश्वर हॉल
⚫ स्वामी अवधेशानंद गिरि जी का पाटोत्सव एवं अवतरण दिवस मनाया हर्षोल्लास से
⚫ गुरु भक्ति और सांस्कृतिक विरासत के रंगों में सराबोर हुआ महोत्सव
⚫ गोपाल कृष्ण शर्मा के भजनों ने किया मंत्र मुग्ध
हरमुद्दा
रतलाम, 24 नवंबर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं का संगम देखने को मिला। प्रभु प्रेमी संघ के तत्वावधान में स्वामी श्री अवधेशानंद जी गिरि जी महाराज का पाटोत्सव एवं अवतरण दिवस श्रद्धा, भक्ति और भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच उत्साहपूर्वक मनाया गया। बुद्धेश्वर हॉल में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबी और श्रद्धालु शामिल हुए, जिन्होंने गुरु भक्ति और सांस्कृतिक विरासत के रंगों में सराबोर होकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
भजनों की सरिता और पादुका पूजन

पादुका पूजन करते हुए सुरोलिया दंपति
कार्यक्रम का शुभारंभ पादुका पूजन के साथ हुआ। प्रभु प्रेमी संघ के अध्यक्ष हरीश सुरोलिया एवं सरिता सुरोलिया ने विधिवत पादुका पूजन किया, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर पादुका का पूजन कर आशीर्वाद लिया।

भजनों की प्रस्तुति देते हुए पंडित गोपाल कृष्ण शर्मा और मंडली
इसके पश्चात प्रसिद्ध भजन गायक पंडित गोपाल कृष्ण शर्मा ने गणेश वंदना से भजन की शुरुआत की। "सतगुरु जीवन तेरे हवाले", "थोड़ा ध्यान लगा गुरुवर दौड़े-दौड़े आएंगे, सीने से लगाएंगे" और "चौक पुराओ, आरती गाओ, आज गुरुवर मेरे घर पधारे" जैसे भजनों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर नृत्य करते नजर आए।


भजनों पर नृत्य करते हुए श्रद्धालु
संगीत की प्रस्तुति में सहायक गायक मयंक पवार ने स्वर दिए, जबकि ढोलक पर नकुल वैरागी और पैड पर सौरभ जोशी ने शानदार संगत की। साउंड व्यवस्था का संचालन रणजीत बजाज ने सुव्यवस्थित ढंग से संभाला।

आयोजन स्थल पर फूलों से आकर्षक रंगोली सजाई गई थी, जो सांस्कृतिक छटा बिखेर रही थी।
कार्तिक पूर्णिमा पर तीन संयोगों का संगम
आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कार्तिक पूर्णिमा के विशेष महत्व और तीन दुर्लभ संयोगों का उल्लेख किया। इसी पावन तिथि पर स्वामी श्री अवधेशानंद जी गिरि जी का संन्यास दिवस व अवतरण दिवस है, वहीं वर्ष 1992 में स्थापित प्रभु प्रेमी संघ का स्थापना दिवस भी इसी दिन मनाया जाता है।
विशिष्ट घटनाओं की आवृत्ति होती है महापुरुषों के जीवन में

संस्था के पूर्व अध्यक्ष कैलाश व्यास ने स्वामी जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विचार रखते हुए कहा कि महापुरुषों के जीवन में विशिष्ट घटनाओं की आवृत्ति होती है—जिस प्रकार भगवान बुद्ध का जन्म और बुद्धत्व प्राप्ति वैशाख पूर्णिमा को हुई, उसी प्रकार स्वामी अवधेशानंद गिरि जी का संन्यास दिवस एवं संघ का स्थापना दिवस कार्तिक पूर्णिमा को आया है। उन्होंने स्वामी जी के बहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रख्यात कवयित्री इंदिरा गौड़ की पंक्तियों का भी स्मरण किया— "तुम तो ऐसे धर्म ग्रंथ हो, बार-बार पारायण कर लूं, लगे तीर्थ सा दरस तुम्हारा, आभारी है यह नत लोचन यदि मिले अवलंब तुम्हारा, खुद को भी रामायण कर लूं।"
प्रसादी वितरण और गणमान्यजनों की उपस्थिति

धार्मिक आयोजन के समापन पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की और भक्तों ने अपनी श्रद्धा अनुसार राशि भेंट की। इस अवसर पर मनोहर पोरवाल, प्रमोद राघव, रामेश्वर खंडेलवाल, संजीव पाठक, नवीन भट्ट, भूषण व्यास, संजय सोनी, आरआर दुबे, माधव काकानी, शिवराम शर्मा, कुंदन पाराशर, सीमा प्रभु, गुंजन राघव, अनिता सोनी, विजयलक्ष्मी भट्ट, राजेश्वरी व्यास, अरुणा पाठक, नीलू दुबे, राकेश पोरवाल एवं अरुण त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
फ़ोटो : राकेश पोरवाल
Hemant Bhatt