दर्दनाक हादसा : सड़क दुर्घटना में रतलाम जिले के दो सहायक सचिव लखन कमोदिया तथा हुरजी मईडा की मौत, 9 घायल
⚫ सीईओ जिला पंचायत रतलाम और एसडीएम ने घायलों से मिलकर ली उपचार की जानकारी
⚫ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतकों के परिवारजनों को 10-10 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की
हरमुद्दा
रतलाम 20 मई। भोपाल में आयोजित ग्राम रोजगार सहायकों के महापर्व एवं राज्य स्तरीय महा सम्मेलन में शामिल होने जा रहे रतलाम जिले के दो रोजगार सहायक सचिवों की सड़क दुघर्टना में मौत हो गई, वहीं 9 घायल है। जिला पंचायत रतलाम सीईओ और एसडीएम में घायलों से सेहत के बारे में जानकारी ली। वही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए राहत राशि की घोषणा की है।

घायलों के परिजन में अस्पताल में
उल्लेखनीय है कि रतलाम जिले में ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत कार्यरत सहायक सचिवो का वाहन भोपाल जाते समय रात्रि 3 बजे देवास बायपास ग्राम बैरागढ़ तहसील एवं जिला देवास में दुर्घटनाग्रस्त होने से 2 सहायक सचिव लखन (35) एवं हुरजी उम्र (45) की मृत्यु हो गई एवं 9 सहायक सचिव दुर्घटना में घायल हुए हैं।
यह हुए हैं घायल

परिजनों से चर्चा करते हुए सीईओ सुश्री जैन
घायल करमचंद, कैलाश, देवचंद, अंतरसिंह, राकेश, मांगीलाल, विनोद, प्यारेलाल एवं चौक सिंह उक्त सभी घायलो का उपचार अमलतास अस्पताल देवास में चल रहा है। घटना की जानकारी पर रतलाम जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन एवं एसडीएम सैलाना तरूण जैन तत्काल उपचाररत घायलो से मिलने अमलतास अस्पताल पहुंचे। डाक्टर एवं अस्पताल स्टाक से उपचार की जानकारी ली। परिजनो को सान्त्वना दी एवं उपचार के लिए हर संभव मदद के लिए आश्वस्त किया।
मुख्यमंत्री ने किया दुख व्यक्त, राहत राशि की हुई घोषणा
दुर्घटना का समाचार मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतक लखन कमोदिया तथा हुरजी मईडा के परिवारजनों को 10-10 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की।
Hemant Bhatt