शादी के में मंडप फेरे लेने से पहले फरार हुए दूल्हे को पुलिस ने किया गिरफ्तार
⚫ नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप है दूल्हे पर
⚫ रतलाम जिले में आया था बारात लेकर
हरमुद्दा
बड़नगर, रतलाम 11 अप्रैल। रतलाम जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र के गांव में बड़नगर से बारात लेकर दूल्हा आया था मगर मंडप में फेरे लेने से पहले ही वह फरार हो गया था। दूल्हे पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप था। फरार दूल्हे को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

बडनगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के अनुसार शिक्षक कॉलोनी निवासी अभिषेक सेन चौहान पिता सचिनचंद्र सेन चौहान की शादी रतलाम के बिलपाक थाना क्षेत्र की युवती से तय हुई थी। दो दिनों से शादी के कार्यक्रम के बाद बुधवार रात करीब 8 बजे दूल्हा घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस ने दुल्हन पक्ष को फोन कर बताया कि जिस युवक से उनकी बेटी की शादी होने जा रही है, उस पर दुष्कर्म का मामला दर्ज होने वाला है।
मच गया परिवार में हंगामा
इस बात की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में हंगामा मच गया। दोनों पक्षों ने बातचीत कर तत्काल शादी रोक दी। दूल्हा तोरण भी नहीं मार पाया और बिना शादी किए मोबाईल बंद कर बिलपांक से फरार हो गया था।
घर के पास ही कर लिया गिरफ्तार
शुक्रवार को आरोपी को उसके घर के पास से ही गिरफ्तार कर न्यायालय न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी के समक्ष पेश किए जाने पर वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
नाबालिग ने की थी आत्महत्या की कोशिश
थाना प्रभारी श्री पाटीदार बताते हैं कि एक 15 वर्षीय नाबालिग जो कि आरोपी के निवास क्षेत्र की ही है, 6 अप्रैल को उसने एसिड पीकर आत्महत्या की कोशिश की थी। 8 अप्रैल को अस्पताल में डॉक्टरों ने उसके गर्भवती होने की जानकारी दी। इस पर परिजनों की पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि 5 जनवरी को आरोपी उसके घर आया था और धमकी देकर दुष्कर्म किया था। इसकी जानकारी पुलिस को अस्पताल से दी गई थी।
बताई रिश्तेदारों को दूल्हे की असलियत
आरोपी युवक के शादी करने बारात लेकर बिलपांक जाने की जानकारी भी मिली थी। पुलिस ने तत्काल ही एक्शन लेते हुए एफआईआर दर्ज करने से पहले ही शादी रुकवाने के लिए बिलपांक निवासी दुल्हन पक्ष से संपर्क किया। दुल्हन के पिता, भाई सहित रिेश्तेदारों को दूल्हे का असलियत बताई। आरोपी अभिषेक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
Hemant Bhatt