रतलाम में एक ही आंगन से उठेंगी तीन अर्थियां
⚫ रोहतक हादसे में जान गंवाने वाले पिता-पुत्र और बहू की अंतिम यात्रा आज 11 बजे
⚫ परिवार की तीन पीढ़ियों पर टूटा दुखों का पहाड़
⚫ मोहल्ले में पसरा सन्नाटा, हर जुबान पर गम
हरमुद्दा
रतलाम, 21 नवंबर। हरियाणा के रोहतक में शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने रतलाम के एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में छीन लीं। इस हृदय विदारक दुर्घटना में जान गंवाने वाले पिता, पुत्र और बहू के पार्थिव शरीर लेकर परिजन रोहतक से रतलाम के लिए रवाना हो चुके हैं। जैसे ही इस दुखद घटना की खबर शहर में फैली, इंद्रा नगर स्थित उनके निवास और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। हर आंख नम है और समूचा क्षेत्र इस अपूरणीय क्षति से स्तब्ध है। अंतिम यात्रा शनिवार को निकलेगी।

परिवार की तीन पीढ़ियों पर टूटा दुखों का पहाड़
मिली जानकारी के अनुसार, इंद्रा नगर निवासी सरदार मेजर सिंह सिद्धू के परिवार पर दुखों का यह पहाड़ उस वक्त टूटा, जब उनके पुत्र सरदार करमजीत सिंह, पुत्रवधू पवनदीप कौर और बड़े पौत्र अमरिंदर सिंह सिद्धू की सड़क हादसे में असामयिक मृत्यु हो गई। एक ही झटके में परिवार के तीन सदस्यों के चले जाने से घर में कोहराम मचा हुआ है। बुजुर्ग माता-पिता और अन्य परिजनों को संभालना हर किसी के लिए मुश्किल हो रहा है।
मोहल्ले में पसरा सन्नाटा, हर जुबान पर गम
सिद्धू परिवार अपने मिलनसार और सरल स्वभाव के लिए पूरे क्षेत्र में जाना जाता है। हादसे की सूचना मिलते ही शुक्रवार से ही उनके निवास स्थान पर रिश्तेदारों, परिचितों और शहर के गणमान्य नागरिकों का तांता लगा हुआ है। पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है और कोई भी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहा है कि हंसता-मुस्कुराता परिवार अब इस तरह विदा होगा। दिवंगत करमजीत का छोटा बेटा गुरविंदर 12वीं का विद्यार्थी है वही दिवंगत बड़ा बेटा सॉफ्टवेयर इंजीनियर था
शनिवार सुबह 11 बजे निकलेगी अंतिम यात्रा
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों दिवंगतों की अंतिम यात्रा शनिवार, 21 नवंबर को सुबह 11:00 बजे उनके निवास स्थान 21 MIG, इंदिरा नगर, रतलाम से निकलेगी, जो जवाहर नगर मुक्तिधाम जाएगी। एक ही घर से तीन अर्थियां उठने के इस करुण दृश्य की कल्पना मात्र से ही शहरवासियों का हृदय पसीज रहा है। समाजजनों और स्थानीय नागरिकों ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
Hemant Bhatt