प्रशासन की कार्रवाई : धराड़ पोल्ट्री फार्म से 64 व्यावसायिक खाली गैस सिलेंडर जब्त

प्रशासन की कार्रवाई : धराड़ पोल्ट्री फार्म से 64 व्यावसायिक खाली गैस सिलेंडर जब्त

आलोट में अवैध गैस रिफिलिंग मशीन और सिलेंडर भी जब्त

⚫ ढाबे पर मिले घरेलू गैस सिलेंडर

हरमुद्दा
रतलाम 14 मार्च। गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और रिफिलिंग की शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण के दौरान गैस सिलेंडर से अवैध रिफिलिंग और पोल्ट्री फार्म पर व्यावसायिक गैस सिलेंडर की भारी मात्रा में प्रशासन के अधिकारियों द्वारा जब्ती की कार्रवाई की है। वहीं ढाबे पर भी घरेलू गैस सिलेंडर मिलने पर कार्रवाई की गई है

कलेक्टर मिशा सिंह के मार्गदर्शन मे तहसीलदार रतलाम ग्रामीण आशीष उपाध्याय द्वारा धराड़ की नई कॉलोनी स्थित एक पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राहुल पिता राजेन्द्र सिंह सिसौदिया निवासी स्टेट बैंक के पास, धराड़ के पोल्ट्री फार्म की जांच की गई। जांच के दौरान पोल्ट्री फार्म के एक कमरे में 19 किलोग्राम के 64 नग खाली एचपीसीएल व्यावसायिक गैस सिलेंडर अवैध रूप से संग्रहित पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। 

यह थे मौजूद

जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद गोले, तहसीलदार रतलाम ग्रामीण आशीष उपाध्याय, थाना प्रभारी अयूब ख़ान द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई । प्रकरण में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

आलोट में मेवातीपुरा से मशीन व 8 सिलेंडर जब्त

एसडीएम आलोट रचना शर्मा ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की शिकायतों के बीच आलोट में बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक-2 नागेश्वर रोड स्थित मेवातीपुरा क्षेत्र में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान वाजिद अलगानी के यहां से गैस रिफिलिंग में उपयोग होने वाली मशीन सहित 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। टीम ने मौके पर पंचनामा बनाकर सामग्री को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की ।

यह थे मौजूद

कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार हेमलता डिंडोर, फूड इंस्पेक्टर कादंबनी धकाते, पटवारी कमलेश जमारे, पटवारी स्वागत दुबे, राहुल मूलचंदानी तथा राजुल पटेल सहित प्रशासन की संयुक्त टीम मौजूद रही। 

ढाबे पर भी कार्रवाई

प्रशासनिक टीम ने नागेश्वर बाईपास स्थित रोहिणी ढाबे पर भी जांच की। यहां से एक कमर्शियल गैस सिलेंडर तथा दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है, जिस पर पंचनामा बनाकर आवश्यक कार्रवाई की गई।