सीईओ की कार्रवाई : अनुचित तरीके से संपूर्ण राशि का भुगतान करने पर ग्राम पंचायत सेरा की सचिव रजनी ठाकुर निलंबित
⚫ औचक निरीक्षण में निर्माण पाया गया था गुणवत्ताहीन
⚫ दिया गया था कारण बताओ सूचना पत्र
⚫ नहीं मिला संतोषप्रद जवाब
हरमुद्दा
रतलाम 27 मई। गुणवत्ताहीन निर्माण, कार्य के प्रति लापरवाही और अनुचित तरीके से संपूर्ण राशि का भुगतान करने पर जिला पंचायत के सीईओ श्रृंगार श्रीवास्तव ने ग्राम पंचायत सेरा की सचिव रजनी ठाकुर को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में मुख्यालय जिला पंचायत रतलाम रहेगा। निलंबन की अवधि में जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
मिली जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत सैलाना अंतर्गत ग्राम पंचायत सेरा में सीईओ श्रीवास्तव द्वारा जिला पंचायत द्वारा 21 फरवरी 2025 को औचक निरीक्षण किया गया था। जिसमें गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य, जियोटेक ना करते हुए अनुचित तरीके से संपूर्ण राशि का भुगतान करना परिलक्षित पाया गया। जिस कारण ग्राम पंचायत सचिव ठाकुर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया था। परंतु जवाब संतोषप्रद नहीं पाया गया।
बरती कार्य के प्रति लापरवाही
पदीय दायित्वों का सम्यक रूप से निर्वहन नहीं करने, कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही बरती जाने एवं वित्तीय अनियमित परिलक्षित होने के कारण श्रीमती रजनी ठाकुर, सचिव, ग्राम पंचायत सेरा, जनपद पंचायत सैलाना को मध्य प्रदेश पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील)नियम 1999 के नियम 4 (1)(क) के तहत सीईओ जिला पंचायत श्री श्रीवास्तव द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मिलेगा जीवन निर्वाह भत्ता निलंबन अवधि के दौरान
निलंबन अवधि के दौरान ठाकुर का मुख्यालय कार्यालय जिला पंचायत रतलाम निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
Hemant Bhatt