श्री सीताराम विवाह उत्सव : प्राचीन श्री गढ़ कैलाश स्थित श्री राम मंदिर ( श्री अयोध्या नाथ) में महाआरती के पश्चात शुरू हुआ प्रसादी भंडारा

श्री सीताराम विवाह उत्सव : प्राचीन श्री गढ़ कैलाश स्थित श्री राम मंदिर ( श्री अयोध्या नाथ) में महाआरती के पश्चात शुरू हुआ प्रसादी भंडारा

संतों का किया सम्मान

⚫ दर्शनार्थियों की लगी भीड़

⚫ सैकड़ों लोग लगे प्रसादी भंडारा सेवा में

हरमुद्दा
रतलाम, 25 नवंबर। शहर के प्राचीन श्री गढ़ कैलाश मंदिर परिसर स्थित श्री राम मंदिर में श्री सीताराम विवाह पंचमी उत्सव मंगलवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। शाम को महा आरती के पश्चात प्रसादी भंडारा शुरू हुआ। 

आरती लेते हुए भक्तजन

श्री गढ़ कैलाश सेवा समिति के बैनर तले चल रहे विवाह उत्सव के तहत शाम को श्री राम दरबार की पंडित सुशील उपाध्याय द्वारा आरती की गई। आरती में काफी संख्या में धर्मालु मौजूद रहे। आरती का धर्म लाभ लिया। आरती के पश्चात दर्शनार्थियों की भीड़ लगी रही। वैवाहिक आयोजनों के चलते श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव कम रहा।

संतों का किया सम्मान

मंच पर विराजित संत

श्रीगढ़ कैलाश परिसर में मंच पर परम पूज्य गुरुदेव स्वामी श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर देवस्वरूपानंद जी महाराज, अखंड ज्ञान आश्रम, परम पूज्य स्वामी गुरुदेव श्रीश्री 1008 आनंद गिरि जी महाराज (हिन्दू रत्न) आडवाणी आश्रम, परम पूज्य स्वामी गुरुदेव सुजानानंद जी महाराज जी, (अखण्ड ज्ञान आश्रम) परमपूज्य स्वामी गुरुदेव निलभारती जी महाराज ( दत्त अखाड़ा ) एवं महर्षि संजय शिवशंकर दवे, पीठाधीश्वर, वैदिक जागृति ज्ञान विज्ञान पीठ मंचासीन थे। आयोजक मंडल ने संतों का सम्मान किया। संचालन विकास शैवाल ने किया।  

भगवान के दर्शन के बाद श्रृंगार चर्चा करते हुए धर्मालु

यह थे मौजूद

आयोजन में रतलाम विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष अशोक पोरवाल, एमआईसी मेंबर एवं पार्षद विशाल शर्मा, श्रीगढ़ कैलाश सेवा समिति के अशोक जैन चौटाला, सतीश राठौर, पूर्व पार्षद सतीश चंद्र भारतीय, शैलेंद्र सोनी, अभिसार हाड़ा, संजय दलाल, पत्रकार रमेश सोनी, चेतन शर्मा, अभय मेहता सहित अन्य मौजूद थे। 

बफेट में किया प्रसाद ग्रहण

सजाया गया प्रसादी भंडारा आयोजन स्थल

आरती के पश्चात श्री हनुमान जी मंदिर से लेकर श्री गणेश मंदिर तक प्रसादी भंडारे के लिए व्यवस्था की गई। शाम 6 बजे प्रसादी भंडारा शुरू हुआ। भक्तों के लिए बफेट में नुकती, सेंव, चवले की सब्जी, पूरी और पुलाव टेबल पर सजा कर रखे गए। बीच में प्लेट और कटोरी रखी गई थी। महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ प्रसाद ग्रहण किया। प्रसादी की व्यवस्था में सैकड़ो छोटे-बड़े सेवादार सक्रियता से लगे हुए थे।

प्रसादी भंडारे में व्यंजनों को लाते हुए सेवादार

लाखों रुपए खर्च करने के बावजूद अंधेरा

श्री सीताराम विवाह उत्सव के बावजूद भी बंद रही स्ट्रीट लाइट

श्री गढ़ कैलाश पहुंच मार्ग पर तालाब किनारे नगर निगम द्वारा लाखों रुपए खर्च कर की गई विशेष विद्युत सज्जा बंद होने के कारण धर्मालुजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अंधेरे में ही चलकर आयोजन स्थल तक जाना पड़ा। ऐसे में कुछ भी अनहोनी उनके साथ हो सकती थी। इस तरफ पुलिस व्यवस्था भी नहीं थी। वैसे भी कई खभों की लाइट महीनों से बंद हैं, मगर इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है।