20 साल बाद आई पकड़ में 8 करोड़ की बैंकिंग धोखाधड़ी करने वाली महिला
⚫ सीबीआई ने किया डिजिटल फुटप्रिंट का विश्लेषण
⚫ महिला को तलाशा, एक साथ तीन जगहों पर दी दबिश
⚫ नाम बदलकर रह रहे थे पति-पत्नी दोनों
⚫ फरारी के दौरान पति की हो गई मृत्यु
⚫ फर्जी ई-मेल आइडी, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य केवाईसी तक बदल दिए
हरमुद्दा
इंदौर, 18 जुलाई। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बेंगलुरु में अंजाम दी गई आठ करोड़ रुपये की बैंकिंग धोखाधड़ी में 20 साल से फरार आरोपित महिला को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया। महिला के पति की फरारी के दौरान मौत हो चुकी है। महिला ने फर्जी नाम रख लिया था। फर्जी ई-मेल आइडी, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य केवाईसी बना ली थी। सीबीआई ने डिजिटल फुटप्रिंट का विश्लेषण कर महिला को तलाशा और एक साथ तीन जगहों पर दबिश दी। महिला ने सीबीआई को चकमा देना स्वीकार लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

सीबीआई से मिली जानकारी के मुताबिक, महिला का नाम मनी एम. शेखर है। सीबीआई की बैंकिंग सुरक्षा एवं धोखाधड़ी शाखा (बीएसएफबी) बेंगलुरु में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसमें रामानुजम मुथुरामलिंगम शेखर उर्फ आरएम शेखर और विभिन्न कंपनियों के निदेशकों को आरोपित बनाया गया था।
3 साल में राष्ट्रीयकृत बैंकों से की करोड़ों की धोखाधड़ी
आरोप है कि वर्ष 2002 से 2005 के बीच आरोपितों ने मिलकर बेंगलुरू स्थित एक राष्ट्रीयकृत बैंक से आठ करोड़ की धोखाधड़ी की साजिश की।
2009 में क्या किया घोषित
सीबीआई ने आरोपितों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर समन और वारंट जारी किए पर आरोपित कोर्ट में पेश नहीं हुए। 27 फरवरी 2009 को अदालत ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया।
⚫ पहचान पूरी तरह से बदल डाली थी। पिछले वर्षों में इस दंपती ने अपनी पहचान पूरी तरह बदल ली थी।
⚫ अपने नए नाम कृष्णकुमार गुप्ता (पति) और गीता कृष्णकुमार गुप्ता (पत्नी) रख लिए थे।
⚫अपने मोबाइल नंबर, पैन कार्ड, ई-मेल आईडी और केवाईसी दस्तावेज भी नए बनवा लिए थे।
किया आरोपियों को ट्रैक
सीबीआई का दावा है कि एक्सपर्ट ने उन्नत इमेज सर्च और डिजिटल फुटप्रिंट विश्लेषण तकनीकों का उपयोग करके आरोपितों को ट्रैक किया।
पुरानी और नई तस्वीरों का मिलान कर उनकी पहचान की और आरोपित महिला मनी एम. शेखर उर्फ गीता कृष्णकुमार गुप्ता को इंदौर से पकड़ लिया।
आरोपी पति की हो गई 2008 में मौत
सीबीआई के मुताबिक आरएम शेखर की 2008 में मौत हो चुकी है। आरोपित मनी एम. शेखर को फिलहाल बेंगलुरू की जेल में भेजा गया है।
Hemant Bhatt