शिकायत पर कार्रवाई : नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष और साथी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

शिकायत पर कार्रवाई : नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष और साथी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

भाजपा नेता की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई

⚫ पुलिस को 6 अन्य लोगों की तलाश 

⚫ राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप

हरमुद्दा
इंदौर, 20 अप्रैल। भाजपा नेता की शिकायत पर इंदौर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष और उनके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नेता की गिरफ्तारी के बाद समर्थक भी थाने पर पहुंचे। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कम्प मच गया है। 

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे और सुभाष को हीरा नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चिंटू और सुभाष के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता कपिल पाठक ने जानलेवा हमला करने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, वहीं 6 अन्य की तलाश जारी है। इनके खिलाफ बलवा की धारा में भी केस दर्ज किया गया है।

नेता प्रतिपक्ष पर हत्या की कोशिश का आरोप

जानकारी के मुताबिक बच्चों के बीच हुए विवाद में यह केस दर्ज कराया गया है। जिसमें चिंटू चौकसे पर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया गया। पुलिस दोनों को एमवाय अस्पताल लेकर पहुंची, यहां मेडिकल जांच के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

समर्थकों ने थाने के बाहर की नारेबाजी

नेता प्रतिपक्ष की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में उनके समर्थक हीरा नगर थाने के बाहर जमा हो गए। उन्होंने पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।