कलेक्टर का आदेश : नगरीय क्षेत्र के खतरनाक एवं जीर्णशीर्ण आवासों को करें चिह्नित

कलेक्टर का आदेश : नगरीय क्षेत्र के खतरनाक एवं जीर्णशीर्ण आवासों को करें चिह्नित

मकान मालिकों को दें नोटिस

⚫ शहर के नाले- नालियों के चॉक होने की स्थिति से निपटने के लिए किए जाएं पुख्ता इंतजाम

हरमुद्दा
रतलाम, 22 मई। वर्षाकाल में आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए कलेक्टर राजेश बाथम ने आयुक्त नगर निगम रतलाम एवं सभी नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देशित दिए हैं। अब निर्देश का कितना पालन होता है यह तो वर्षा काल में ही पता चलेगा। अधीनस्थ अधिकारियों पर कलेक्टर के आदेश का क्या असर होता है? अब तक तो यही होता आया है जिम्मेदार नोटिस देकर भूल जाते हैं बारिश में जर्जर मकान गिर जाते हैं परेशानियां होती है। गंदा पानी पेयजल के रूप में वितरित होता ही है।


कलेक्टर ने आदेश दिए हैं कि वर्षाकाल प्रारम्भ होने से पूर्व ही जल भराव की स्थिति उत्पन्न होने वाले शहर के विभिन्न स्थानों को तत्काल चिह्नित करें। नाले-नालियां चॉक होने की स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जावें। तेज आंधी एवं वर्षा के कारण गिरने जैसी स्थिति वाले वृक्षों को चिन्हित कर उनकी टहनियों को कटवाने के संबंध में कार्यवाही की जावें। यह सुनिश्चित करें कि, शहर की निचली बस्तियों में नाले एवं नालियों के भराव के कारण वर्षा का जल एक स्थान पर जमा न होने पाये । शहर के नाले/नालियों एवं वॉल के चैम्बर पर लगे ढक्कन व फर्शी इत्यादि खुले न रहे इनको ढकना सुनिश्चित किया जाए। चिह्नित किए गए निकाय क्षेत्र के खतरनाक एवं जीर्णशीर्ण आवासों के मालिको को तत्काल नोटिस जारी कर विधिवत कार्रवाई सुनिश्चित करें। 

ताकि बारिश में ना हो दुर्घटना

निकाय एवं शहर में उपलब्ध जेसीबी मशीन एवं क्रेंन मशीन के मालिको एवं ड्रायवर के नाम व मोबाईल नम्बरो की जानकारी कंट्रोल रूम पर रखी जाए। स्थापित कंट्रोल रूम 24 घंटे चालू रहे ऐसी व्यवस्था करें। निकाय क्षेत्र में खुले कुंए व बावड़ी जिनकी मुंडेर न हो, ऐसे कुंओ का सुरक्षित घेरा बनाएं, ताकि वर्षाकाल के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना घटित न हो।

आवश्यक मरम्मत कार्य करें

शहरवासियों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें। पेयजल की शुद्धता व गुणवत्ता बनाये रखने के लिए निकाय के अमले सहित स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों के सहयोग से क्लोरीन की गोलियां वितरित की जाए। पूर्ववर्ती वर्षों में अतिवर्षा के कारण शहरी क्षेत्र की सड़कें, पुलियाऐं क्षतिग्रस्त होने के कारण मार्ग अवरूद्ध होकर प्रभावित हुए, ऐसे स्थानों का तत्काल निरीक्षण करते हुए आवश्यक मरम्मत के कार्य करवाएं।

बीमारियों की रोकथाम के लिए करें दवाई का छिड़काव

निकाय क्षेत्र में बीमारीयों की रोकथाम के लिए आवश्यक कीटनाशक दवाईयों का नियमित रूप से छिडकाव करवाएं। यदि पर्याप्त मात्रा में किटनाशक दवाईयां उपलब्ध न हो तो तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दवाईयों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। निकाय क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन के कार्मिको से समन्वय स्थापित कर, नियमित रूप से अभियान चलाकर सड़े - गले फलों, सब्जियों और खाद्य सामग्रियों के विक्रय पर रोक लगाते हुए विनिष्टीकरण की कार्रवाई करें। संबंधित विक्रेताओं के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए।