ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली जनसभा राजस्थान में : "आतंकियों ने सिंदूर उजाड़ा, उन्हें मिट्टी में मिलाने के प्रण में हुए सफल"
⚫ पीएम मोदी ने किया 26,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
⚫ हमारी तीनों सेनाओं ने 22 मिनट में आतंकियों के 9 बड़े ठिकाने किए ध्वस्त
⚫1300 स्टेशन को बनाया जा रहा है आधुनिक
हरमुद्दा
बीकानेर, 22 मई। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसके पहले बीकानेर के देशनोक पहुंचे और करणी माता मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा- ‘आतंकियों ने धर्म पूछकर हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था। पहलगाम में चली गोलियों से 140 करोड़ देशवासियों की छाती छलनी हो गई थी। सभी ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि आतंकियों को मिट्टी में मिला देना है। और आज हम अपने प्रण में सफल हुए हैं।’

हमारी तीनों सेनाओं ने 22 मिनट में आतंकियों के 9 बड़े ठिकाने किए ध्वस्त
‘हमारी तीनों सेनाओं ने 22 मिनट में आतंकियों के 9 बड़े ठिकाने ध्वस्त कर दिए। पाकिस्तान को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया। दुश्मन और दुनिया ने देखा कि सिंदूर जब बारूद बन जाता है तो क्या नतीजा होता है।’
यह भी है एक संयोग
‘ये संयोग ही है कि 5 साल पहले जब बालाकोट में देश ने एयर स्ट्राइक की थी, उसके बाद मेरी पहली जनसभा राजस्थान में ही सीमा पर हुई थी। वीरभूमि का ही ये तप है कि ऐसा संयोग बन जाता है। अब इस बार जब OperationSindoor हुआ, तो उसके बाद मेरी पहली जनसभा फिर यहां वीरभूमि राजस्थान की सीमा पर बीकानेर में आप सभी के बीच हो रही है।’
जो करते थे घमंड वह है मलबे में ढेर
एयर स्ट्राइक के बाद मैं जब चुरू आया था, तो मैंने कहा था - "सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा।" आज मैं राजस्थान की धरती से देशवासियों से बड़ी नम्रता से कहना चाहता हूं कि को सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है। जो हिंदुस्तान का लहू बहाते थे, आज कतरे-कतरे का हिसाब चुकाया है। जो सोच चुके थे कि भारत चुप रहेगा, आज वो घरों में दुबके पड़े हैं। जो अपने हथियारों पर घमंड करते थे, आज वो मलबे के ढेर में दबे हुए हैं।’
करणी माता के आशीर्वाद से विकसित भारत बनाने का हमारा संकल्प और हो रहा मजबूत
सभा को संबोधित करते हुए पीए मोदी ने कहा- मैं यहां पर करणी माता का आशीर्वाद लेकर आपके बीच आया हूं। करणी माता के आशीर्वाद से विकसित भारत बनाने का हमारा संकल्प और मजबूत हो रहा है। थोड़ी देर पहले विकास से जुड़ी 26 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का यहां शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। मैं इन परियोजनाओं के लिए देशवासियों को, राजस्थान के मेरे भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
इंफ्रास्ट्रक्चर के कामों पर 6 गुना ज्यादा रुपया खर्च
विकसित भारत बनाने के लिए आज देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का बहुत बड़ा महायज्ञ चल रहा है। हमारे देश की सड़कें, एयरपोर्ट, रेल और रेलवे स्टेशन आधुनिक हो, इसके लिए पिछले 11 साल में अभूतपूर्व गति से काम किया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर के इन कामों पर देश पहले जितना पैसा खर्च करता था, आज उससे 6 गुना ज्यादा पैसा खर्च कर रहा है।

बहुत उत्साहित हैं लोग
पीएम के कार्यक्रम स्थल पर एक भाजपा समर्थक ने कहा, हम यहां प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने आए हैं... लोग बहुत उत्साहित हैं... जिस तरह से प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया, उससे लोग बहुत खुश हैं। जिस तरह से हमारी सेना ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया, उसके लिए हम उनके और प्रधानमंत्री मोदी के बहुत-बहुत आभारी हैं।
भारत के विकास कार्य से दुनिया हैरान
आज भारत में हो रहे इन विकास कार्यों को देखकर दुनिया भी हैरान है। आज भारत अपनी ट्रेनों के नेटवर्क को भी आधुनिक कर रहा है। ये वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत ट्रेन देश की नई गति और नई प्रगति को दर्शाती हैं। अभी देश में करीब 70 रूट पर वंदे भारत ट्रेनें चल रही है। इससे दूर-सुदूर के इलाकों में भी आधुनिक रेल पहुंची है।
1300 स्टेशन को बनाया जा रहा है आधुनिक
बीते 11 साल में सैकड़ों रोड ओवर ब्रिज और रोड अंडर ब्रिज का निर्माण किया गया है। 34 हजार किमी से ज्यादा के नए ट्रैक बिछाए गए हैं। हम एक साथ देश के 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बना रहे हैं। आधुनिक हो रहे इन रेलवे स्टेशनों को देश ने अमृत भारत स्टेशन का नाम दिया है। आज इनमें से 100 से अधिक अमृत भारत स्टेशन बनकर तैयार हैं।
Hemant Bhatt