उपलब्धि सरोकार : नवाचार में रतलाम का बजा डंका, प्रदेश में पाया पहला स्थान
यह उपलब्धि हमारे शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की बाल-सुलभ वैज्ञानिक सोच का परिणाम है। 100% विद्यालयों का एक साथ आगे आना जिले के लिए गर्व की बात है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे बाल वैज्ञानिक आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी और अवार्ड में भी जिले का नाम रोशन करेंगे।"
⚫ इंस्पायर मानक अवार्ड में रतलाम जिले ने रचा इतिहास,
⚫ 1067 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के शत-प्रतिशत नामांकन के साथ 4499 नवाचारी विचार हुए अपलोड
⚫ राष्ट्रीय स्तर पर देश के 'टॉप-50' जिलों के क्लब में रतलाम ने बनाई जगह
हरमुद्दा
रतलाम, 22 अक्टूबर। विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में रतलाम जिले के विद्यार्थियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय फलक पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। इंस्पायर मानक अवार्ड योजना (2026) के तहत 1 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक आयोजित नामांकन प्रक्रिया में रतलाम जिले ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जिले के शत-प्रतिशत शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों की भागीदारी और आइडियाज के प्रतिशत आधार पर रतलाम जिला पूरे मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है।

1067 विद्यालयों की भागीदारी, 4499 नवाचार हुए दर्ज
कक्षा 6ठी से 12वीं तक में अध्ययनरत विद्यार्थियों के नवाचारी विज्ञान मॉडलों के नामांकन की इस प्रक्रिया में रतलाम जिले के सभी 1067 स्कूलों ने 100% सहभागिता दर्ज कराई। जिलेभर के बाल वैज्ञानिकों द्वारा कुल 4,499 नवाचारी आइडियाज़ पोर्टल पर अपलोड किए गए।

संख्यात्मक दृष्टिकोण से रतलाम ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि छिंदवाड़ा जिला (4,636 आइडियाज) प्रथम स्थान पर रहा। हालांकि, विद्यालयों की शत-प्रतिशत भागीदारी एवं नामांकनों के कुल प्रतिशत के आधार पर रतलाम ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान (Rank 1) कब्जाया है।
देश के 'टॉप-50' क्लब में बरकरार रखी जगह
रतलाम जिले की यह सफलता केवल राज्य स्तर तक सीमित नहीं रही। देश के सभी जिलों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में रतलाम ने राष्ट्रीय स्तर पर टॉप-50 जिलों के विशिष्ट क्लब में अपना स्थान बरकरार रखा है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि जिले के ग्रामीण व शहरी अंचलों के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की जड़ें बेहद मजबूत हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी ने जताई प्रसन्नता, दी शुभकामनाएं
इस गौरवान्वित करने वाली उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी सिमरन सूर्यवंशी ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने जिले के सभी सहभागियों, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के सहायक परियोजना समन्वयक अशोक लोढ़ा , योजना अधिकारी सह जिला विज्ञान अधिकारी जितेंद्र जोशी, आईं टी सेल प्रभारी मुकेश ठन्ना,सहायक जिला विज्ञान अधिकारी स्वतंत्र श्रोत्रिय, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा:
"यह उपलब्धि हमारे शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की बाल-सुलभ वैज्ञानिक सोच का परिणाम है। 100% विद्यालयों का एक साथ आगे आना जिले के लिए गर्व की बात है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे बाल वैज्ञानिक आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी और अवार्ड में भी जिले का नाम रोशन करेंगे।"
एक नज़र में रतलाम की उपलब्धि
⚫ कुल सहभागी विद्यालय: 1067 (100% शासकीय एवं अशासकीय)
कुल अपलोड किए गए
⚫ आइडियाज: 4,499 प्रदेश में स्थान (भागीदारी प्रतिशत आधार पर): प्रथम स्थान (1st)
⚫ प्रदेश में स्थान (कुल संख्या आधार पर): द्वितीय स्थान (2nd)
⚫ राष्ट्रीय स्तर पर रैंकिंग: देश के टॉप-50 जिलों में शामिल
Hemant Bhatt