पूर्व गृह मंत्री के जमीन पर बैठने का असर : रतलाम जिले के भूमि संबंधी मामलों के निराकरण के लिए विशेष शिविर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में
पूर्व गृह मंत्री के जमीन पर बैठने का असर : रतलाम जिले के भूमि संबंधी मामलों के निराकरण के लिए विशेष शिविर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में
⚫ अब होगा सबका भला, सात दिनों तक चलेगा शिविर
⚫ मीसा बंदी के प्लाट पर कब्जे करने वाले टाक बंधुओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज
⚫ दीनदयाल नगर थाना प्रभारी यादव के विरुद्ध प्रारंभिक जांच के निर्देश
हरमुद्दा
रतलाम, 20 मई। बुधवार को दोपहर में जैसे ही प्रदेश के गृहमंत्री हिम्मत कोठारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में चेंबर के बाहर जमीन पर बैठे वैसे ही पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। अब न केवल मीसाबंदी के प्लांट से अवैध कब्जा हटेगा, अपितु दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव के खिलाफ प्रारंभिक जांच भी होगी। सबसे बड़ी बात तो यह कि अब सबका भला होगा जितने भी जमीन संबंधी मामले हैं उनका निराकरण पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 7 दिनों तक चलने वाले शिविर में होगा।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि भूमि संबंधी शिकायतों एवं विवादों के त्वरित निराकरण के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 21 मई से 7 दिनों तक (रविवार को छोड़कर) विशेष शिविर लगाया जाएगा जिसमें भूमि संबंधी मामलों का निराकरण किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय रतलाम के सभागृह में विशेष शिविर में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों से फरियादी अपनी भूमि संबंधी शिकायतें एवं दस्तावेज लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच सकेंगे। शिविर के दौरान प्राप्त शिकायतों पर पुलिस अधिकारियों द्वारा संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण कर त्वरित वैधानिक कार्रवाई एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही लंबित भूमि विवादों के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
प्रकरण दर्ज, वैधानिक कार्रवाई शुरू
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना डीडी नगर क्षेत्र अंतर्गत भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित प्रकरण में थाना डीडी नगर पर अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई है।
पुरोहित के प्लाट पर टाक बन्धुओं का कब्जा
फरियादी शरद पिता वसंत पुरोहित, उम्र 80 वर्ष निवासी सुभाष मार्ग धानमंडी रतलाम द्वारा थाना डीडी नगर पर सूचना दी गई कि डीडी नगर क्षेत्र में स्थित उनके स्वामित्व के प्लॉट क्रमांक 237 एवं 238, जिनकी वैध रजिस्ट्री एवं संबंधित दस्तावेज उनके पास उपलब्ध हैं, लेकिन आरोपी कमलेश टाक एवं राजेश टाक द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है। फरियादी के अनुसार आरोपी उक्त प्लॉटों पर अपने वाहन खड़े करते हैं तथा विरोध करने पर विवाद एवं धमकी देते हैं। पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी द्वारा जमीन पर भेजने के बाद शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना डीडी नगर पर अपराध क्रमांक 339/2026 धारा 329(1) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने लिया एक्शन
प्रकरण में लापरवाही बरतने के संबंध में पुलिस अधीक्षक ने एक्शन में आए। मामले में थाना प्रभारी अनुराग यादव के विरुद्ध प्राथमिक जांच प्रारंभ कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की।
लापरवाह जिम्मेदारों पर भी होगी कार्रवाई
आमजन की शिकायतों पर समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
⚫ अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक, रतलाम
Hemant Bhatt