नाबालिग की हत्या : प्रेम प्रसंग के चलते दो बत्ती चौराहे पर रात 1:45 बजे नाबालिग की हत्या, आरोपी पकड़ में

नाबालिग की हत्या : प्रेम प्रसंग के चलते दो बत्ती चौराहे पर रात 1:45 बजे नाबालिग की हत्या, आरोपी पकड़ में

घटनास्थल के पास ही है दो बत्ती थाना और सीएसपी का ऑफिस

⚫ मृतक चलाता था ई-रिक्शा

⚫ मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के आने के पहले ही आरोपी को धरदबोचा पुलिस ने

हरमुद्दा
रतलाम, 6 जून। गुरुवार शुक्रवार दरमियानी रात लगभग 1:45 बजे दो बत्ती चौराहे पर एक नाबालिग की दो युवकों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के रतलाम दौरे के पहले ही सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों रात को ही पकड़ लिया गया। हत्या का कारण प्रेम प्रसंग माना जा रहा है। रिपोर्ट पर थाना स्टेशन रोड पर अपराध क्रमांक 492/25 धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।  

कंट्रोल रूम पर हुई प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने पत्रकारों को बताया कि अजय पिता नंदकिशोर मकवाना निवासी नयागांव टैंकर रोड द्वारा सूचना दी गई कि नयागांव टैंकर रोड निवासी विशाल ररोतिया (17) पिता दिनेश ररोतिया नामक नाबालिग की हत्या की गई है। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया। प्रेस वार्ता के दौरान सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, दो बत्ती थाना प्रभारी स्वराज डाबी मौजूद थे। 

ई रिक्शा चलाता है मृतक विशाल

मृतक विशाल ई रिक्शा चलाता है। रात को उसके दोस्त चाय पिलाने का बोलकर ले गए थे। दो बत्ती चौराहे पर लड़की से बात करने को लेकर विवाद हुआ। देवेंद्र और अभय ने विशाल पर चाकुओं से अनेक वार करते हुए मौत के घाट उतार दिया। 

रात को ही पकड़ में आ गए दोनों आरोपी

पुलिस रात को ही सक्रिय हुई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्या के दो आरोपी देवेंद्र उर्फ कालू (21) पिता मोहनलाल मालवीय नयागांव भवानी नगर रतलाम तथा अभय राजपुरोहित (21) पिता अजय राजपुरोहित नयागांव साईं मंदिर के पीछे को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।