धार के भैंसोला में प्रधानमंत्री ने कहा पीएम मित्रा पार्क से हमारे युवाओं को मिलेगा बड़ी मात्रा में रोजगार
⚫ पीएम मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर किया पीएम मित्रा पार्क का उद्घाटन
⚫ मालवा निमाड़ की पारंपरिक पगड़ी पहनाकर किया अभिनंदन
हरमुद्दा
धार (भैंसोला), 17 सितंबर। 75 वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धार जिले के बदनावर तहसील के भैंसोला गांव में पीएम मित्रा पार्क की आधारशिला रखने पहुंचे। रिमोट का बटन दबाकर उद्घाटन किया। इस पार्क से मालवा-निमाड़ के कपास किसानों को लाभ होगा और लगभग तीन लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। यह पार्क रेल, हवाई और सड़क मार्ग से जुड़ा हुआ है, जिससे तैयार माल को विदेश भेजने में आसानी होगी।

मालवा निमाड़ की पारंपरिक पगड़ी पहने हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को आत्मनिर्भर भारत का संदेश देते हुए कहा पीएम मित्रा पार्क से हमारे युवाओं को बड़ी मात्रा में रोजगार मिलेगा। इस परियोजना के लिए मैं सभी को बधाई देता हूं। मध्य प्रदेश को विशेष बधाई देता हूं। 450 करोड़ से अधिक रुपए धार की इस धरती से उनको भेज दिए हैं।
प्रधानमंत्री का सभी से आह्वान
प्रधानमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे जो भी खरीदें, वह भारत में बना होना चाहिए। जो भी बेचें, वह देश में बना होना चाहिए। चाहे दीपावली की मूर्तियां हों या मोबाइल, टीवी, फ्रिज, हर छोटी-बड़ी खरीदारी स्वदेशी उत्पादों की होनी चाहिए। पीएम मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य रखा है। कि यह लक्ष्य आत्मनिर्भर भारत से ही पूरा हो सकता है।
बेकार नहीं जाती गरीब की सेवा
गरीब की सेवा कभी बेकार नहीं जाती। गरीब को थोड़ी सी मदद मिल जाए तो वह अपनी मेहनत से समुद्र पार करने की हिम्मत रखता है। गरीब की पीड़ा मेरी अपनी पीड़ा है। इसलिए हमारी सरकार गरीब को केंद्र में रखकर निरंतर योजनाएं बना रही है।
पीएम आवास योजना के तहत जो करोड़ों घर दिए गए हैं। उनमें से ज्यादातर महिलाओं के ही नाम पर हैं। हमारी करोड़ों बहनें मुद्रा योजना के तहत लोन लेकर नए उद्योग लगा रहे हैं।
लिबरेशन डे की शुरुआत
आपने मुझे मौका दिया है। हमारी सरकार ने 17 सितंबर को हैदराबाद रियासत के लिए हैदराबाद लिबरेशन डे की शुरुआत की है।
ये नया भारत है, घर में घुसकर मारता है
हमने ऑपरेशन सिंदूर से आतंकी ठिकानों को उजाड़ा। हमारे वीर जवानों ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। ये नया भारत है। ये किसी की परमाणु शक्ति से डरता नहीं है। ये नया भारत है, घर में घुसकर मारता है।
अभिवादन करते हुए प्रधानमंत्री पहुंचे मंच की ओर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। खुली जीप में सवार होकर वह मंच की ओर अभिवादन करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। सीएम मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी पीएम मोदी के साथ थे।
Hemant Bhatt