रतलाम के सराफा बाजार में दुस्साहसिक चोरी

रतलाम के सराफा बाजार में दुस्साहसिक चोरी

⚫ चांदनी चौक चौमुखी पल क्षेत्र में भंडारी ज्वैलर्स को चोरों ने बनाया निशाना

⚫ पुलिस महकमे में हड़कंप

⚫ पुलिस गश्त पर उठते गंभीर सवाल

हरमुद्दा
​रतलाम, 21 अक्टूबर। शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील माने जाने वाले सराफा बाजार (चांदनी चौक-चौमुखी पुल क्षेत्र) में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भंडारी ज्वैलर्स पर धावा बोलकर चोरों ने करीब दो लाख रुपये कीमत के आर्टिफिशियल आभूषण और 20 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात ने एक बार फिर शहर के मुख्य बाजारों में पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है।

​सुबह पड़ोसी की सूचना पर हुआ खुलासा

​घटना का पता बुधवार सुबह उस वक्त चला जब पड़ोसी दुकानदार दिनेश सुराणा ने भंडारी ज्वैलर्स के ताले टूटे हुए देखे। उन्होंने तुरंत दुकान संचालक रजत भंडारी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही रजत भंडारी घबराए हुए मौके पर पहुंचे। दुकान के अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए—सामान पूरी तरह उलट-पुलट था और तिजोरी व डिस्प्ले काउंटर से नकदी व जेवरात गायब थे। दुकान संचालक भंडारी के अनुसार के लिए ₹200000 के आर्टिफिशियल आभूषण और ₹20000 नगद चोरी हो गए हैं।

​पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे

​घटना की गंभीरता को देखते हुए रतलाम पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। सूचना मिलते ही तत्काल ए​एसपी राकेश पन्द्रों, ​सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, ​थाना माणक चौक प्रभारी विक्रम सिंह चौहान, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ​दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के निर्देश दिए।

​बुलंद हौसले और पुलिस गश्त पर उठते गंभीर सवाल

​यह वारदात बताती है कि चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं। शहर के सबसे पॉश, प्रमुख और व्यापारिक केंद्र कहे जाने वाले सराफा बाजार में इस तरह की चोरी होना कई बड़े सवाल खड़े करता है।

​गश्त पर सवाल: जिस क्षेत्र में रातभर पुलिस की मौजूदगी और गश्त के दावे किए जाते हैं, वहां चोर इत्मीनान से नकुचा तोड़कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं, और पुलिस को भनक तक नहीं लगती।

​सुरक्षा इंतजामों की कमी: मुख्य बाजारों में सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और नाइट विजन मॉनिटरिंग कितने प्रभावी हैं, यह इस घटना से साफ जाहिर होता है।

​बढ़ता अपराधियों का मनोबल: पुलिस के खौफ से बेपरवाह चोर अब सीधे तौर पर व्यापारियों को निशाना बना रहे हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों में भारी रोष और असुरक्षा का माहौल है।
​फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि चोरों के सुराग मिल सकें। लेकिन सवाल यह है कि क्या पुलिस महज खानापूर्ति करेगी या इस गिरोह को पकड़कर व्यापारियों को सुरक्षा का वास्तविक भरोसा दिलाएगी?