अतिवृष्टि : रतलाम में ढाई घंटे में लगभग 4 इंच बारिश, जल भराव से मचा हाहाकार
⚫ हर एक कोई कौसते नजर आए नगर सरकार
⚫ सड़कों का तो विकास हुआ मगर जल निकास ठप्प
⚫ गत वर्ष की तुलना में 11 इंच से अधिक बारिश दर्ज
⚫ गत वर्ष हुई थी अब तक 34.27 इंच बारिश
हरमुद्दा
रतलाम, 6 सितंबर। रतलाम शहर में मेघराज इंद्र इतनी मेहरबान हुए की 12 घंटे में 5 इंच से अधिक बारिश हो गई। महज ढाई घंटे में 4 इंच से अधिक बारिश हुई। इस बारिश से शहर में चारों ओर हाहाकार मच गया। कई क्षेत्र में जल जमाव होने से लोग परेशान रहे। सभी नगर सरकार को कौसते रहे। सड़कों का तो विकास हुआ मगर जल निकास ठप्प हो गया।


शुक्रवार की शाम को 5 बजे से मूसलाधार बारिश ने शहर भर में हाहाकार मचा दिया। शहर के मुख्य मार्ग के अलावा गली मोहल्लों में भी जल जमाव के कारण लोग परेशान रहे। लोगों को जहां मानसिक परेशानी हुई वहीं आर्थिक नुकसान हुआ।
शहर के नाले और नालियों की सफाई भी हर दिन नहीं होने के कारण नालियां जाम रही जो पानी नाली और नालियों से जाना था वह सड़कों पर बहने लगा लोगों के घरों में घुसने लगा।
हर दिन किए जाने वाला काम होता है अभियान के रूप में कुछ दिन
प्रभावित हुए लोगों का कहना है कि नगर निगम के जिम्मेदारों की यही ना समझी और नाकामी है कि वह हर काम को अभियान के रूप में ही चलाते हैं जबकि वे कार्य हर दिन होने चाहिए। पहले तो नालियों की नियमित सफाई होती थी। भिश्ती मशक में पानी भर के नाली में डालता और दूसरा कर्मचारी झाड़ू से साफ करता था। मगर यह दिन तो हवा हो गए। अब तो नालियों की गंदगी सड़कों पर आ जाती है और घरों में भी। जिम्मेदारों की लापरवाहियों का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा।

घरों में घुस गया गंदा बदबूदार पानी
यूं तो शुक्रवार को सुबह से दोपहर तक धूप थी। 12:00 के बाद हल्की बूंदाबांदी हुई फिर धूप निकल आई। शुक्रवार की शाम को 5 बजे मूसलाधार बारिश से रतलाम शहर पानी पानी हो गया। चारों ओर लोग परेशान हुए। पानी में डूबने से कई वाहन खराब हुए। लोगों के घरों में गंदा बदबूदार पानी घुस गया। लोगों ने पूरी रात आंखों में निकाली।



ढाई घंटे में लगभग 4 इंच बारिश
महज ढाई घंटे में 4 इंच बारिश हो गई। वही शाम 5 से शनिवार सुबह 5 बजे तक 12 घंटे में 5 इंच से अधिक बारिश दर्ज हुई। ताल में सबसे कम 1 मिली मीटर बारिश दर्ज हुई। गत वर्ष 6 सितंबर 2024 तक 34.27 इंच बारिश दर्ज हुई थी, वही इस वर्ष 45.84 इंच बारिश दर्ज हुई है जोकि 11 इंच अधिक है।
बारिश पर एक नजर
सैलाना 69.76 इंच
रावटी 59.37 इंच
रतलाम 49.29 इंच
बाजना 36.84इंच
पिपलोदा 51.80 इंच
ताल 21.80 इंच
जावरा 48.11 इंच
आलोट 29.76 इंच
जिले की औसत 45.84 इंच

एसडीआरएफ की टीम पहुंची हाथी खाना
रतलाम के हाथीखाना क्षेत्र में जल भराव की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। नाली का चैंबर ब्लॉक था, पत्थर हटाने पर पानी कम हुआ है। रतलाम शहर में जलभराव की स्थिति वाले सभी क्षेत्रों में टीम तैनात रही।
ग्रामीण एस डी एम विवेक सोनकर ने बताया कि ग्राम पलदूना के घर में पानी भर आया था। जेसीबी से निकाल दिया गया है, स्थिति सामान्य है। बाढ़ प्रभावित सभी क्षेत्रों में प्रशासनिक अधिकारी नजर बनाए रहे।
Hemant Bhatt