ऐतिहासिक धरोहर राज महल को अधिग्रहित कर शुरू किया जाएगा पर्यटन के रूप में आमजन के लिए
सफाई कर्मचारियों ने स्वागत के लिए उड़ाई गई रंग बिरंगी कागजी पन्नियों का कचरा महाराजा रतन सिंह की प्रतिमा के आसपास इकट्ठा कर दिया। यह सभी कार्य उस समय किया गया, जब मंच पर कैबिनेट मंत्री, महापौर, निगम अध्यक्ष, आयुक्त मौजूद थे। जब उनकी आंखों के सामने ही सफाई कर्मचारी तरीके और सलीके से कार्य नहीं करेंगे तो बाद में क्या करते होंगे?
⚫ कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा
⚫ महापौर ने कहा स्वच्छ और सुंदर शहर बनाएं, तभी सफाई कर्मी ने किया प्रतिमा के आसपास ही कचरा एकत्र
⚫ धूमधाम से मनाया रतलाम स्थापना का गौरव दिवस
हरमुद्दा
रतलाम 24 जनवरी। रतलाम विकास के लिए सभी कार्य प्रमुखता से किए जाएगे। ऐतिहासिक राज महल को सुरक्षित और संरक्षित करने के लिए अधिग्रहित करने का आज ही परिषद प्रस्ताव पारित करें, ताकि ऐतिहासिक धरोहर को पर्यटन के रूप में आमजन के लिए खोला जा सके। महल में जो डोम बनाया है, वह देश में सिर्फ दो ही जगह है। एक तो रतलाम और दूसरा जामनगर में है। रतलाम नगर को गौरवशाली बनाने के लिए महापौर प्रहलाद पटेल व निगम परिषद अपना दायित्व ईमानदारी से निभा रही है जिसके तहत नगर के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य किए जा रहे है।

यह विचार केबिनेट मंत्री मध्यप्रदेश शासन चेतन्य काश्यप ने व्यक्त किए। कैबिनेट मंत्री श्री काश्यप बसंत पंचमी रतलाम स्थापना नगर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम तिराहे स्थित महाराजा रतनसिंह जी प्रतिमा पर माल्यार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थे। मंच पर महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, आयोजन समिति के मुन्ना लाल शर्मा, प्रवीण सोनी, मंगल लोढ़ा नगर निगम आयुक्त अनिल भाना मौजूद थे।
महापौर ने कहा स्वच्छ और सुंदर शहर बनाएं, तभी सफाई कर्मी ने किया प्रतिमा के आसपास ही कचरा एकत्र

महापौर प्रहलाद पटेल ने इस अवसर पर कहा कि यह शहर हमारा है। इसे स्वच्छ एवं सुन्दर बनाना नगर के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है, आज हमारे शहर के जन्मोत्सव पर सभी नागरिक यह प्रण लें कि हम अपने शहर स्वच्छ व सुन्दर बनाने के लिए एकजुटता के साथ कार्य करेंगे।

इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने स्वागत के लिए उड़ाई गई रंग बिरंगी कागजी पन्नियों का कचरा महाराजा रतन सिंह की प्रतिमा के आसपास इकट्ठा कर दिया। जबकि हवा तेज चल रही थी। हवा कचरा बार-बार उड़ रहा थी। सफाई कर्मचारियों ने कचरा वाहन में फेंकने की सहमत नहीं उठाई।

डिवाइडर के पास में भी आतिशबाजी का कचरा एकत्र कर दिया गया। यह सभी कार्य उस समय किया गया, जब मंच पर कैबिनेट मंत्री, महापौर, निगम अध्यक्ष, आयुक्त मौजूद थे। जब उनकी आंखों के सामने ही सफाई कर्मचारी तरीके और सलीके से कार्य नहीं करेंगे तो बाद में क्या करते होंगे? सब समझ सकते हैं। इस कृत्य से तो यही साबित होता है कि नगर निगम के सफाई कर्मचारियों पर कोई नियंत्रण नहीं है।
एक और एक ग्यारह की तरह कार्य कर रही निगम परिषद
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने इस अवसर पर कहा कि महापौर प्रहलाद पटेल व निगम परिषद एक और एक ग्यारह की तरह कार्य करते हुए नगर विकास का कार्य कर रही जो कि प्रशंसनीय है।
महाराजा रतन सिंह जी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

रतलाम स्थापना महोत्सव समिति के संयोजक मुन्नालाल शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया। प्रारंभ में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, मनोहर पोरवाल, नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, स्थापना समिति अध्यक्ष प्रवीण सोनी, मंगल लोढ़ा, निगम आयुक्त अनिल भाना ने महाराजा रतनसिंह जी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
विकास प्रदर्शनी का किया अवलोकन
इसके पश्चात अतिथियों द्वारा विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। आमंत्रित अतिथियों का पुष्पमाला व पुष्पगुच्छ से स्वागत व लड्डू खिलाकर मुंह मीठा करवाया। आतिशबाजी की गई। संचालन मंगल लोढ़ा ने किया। आभार निगम आयुक्त अनिल भाना ने माना।
Hemant Bhatt