रतलाम ब्लास्ट, बंदूक दुकान के मालिक की मौत
⚫ तीन का चल रहा है इंदौर में उपचार
⚫ वेल्डिंग के दौरान हुआ था विस्फोट
⚫ पुलिस कर रही है मामले की जांच
हरमुद्दा
रतलाम, 28 जनवरी। शहर के चांदनी चौक क्षेत्र में स्थित एक बंदूक दुकान में 26 जनवरी की दोपहर में हुए भयंकर विस्फोट में घायल हुए चार लोगों में से दुकान के मालिक की इंदौर उपचार के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों का इंदौर में उपचार किया जा रहा है ब्लास्ट की घटना के बाद प्रशासन ने दुकान को सील कर दिया था। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

हादसे में गंभीर घायल हुए युसूफ भाई
उल्लेखनीय है कि 26 जनवरी को दोपहर में चांदनी चौक स्थित बन्दूक दुकान में वेल्डिंग के दौरान अचानक भयंकर विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर दुकान में मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे थे। हादसे से गंभीर घायल हुए लोग बदहवास होकर सड़क पर दौड़ते नजर आए।
मंगलवार रात को हुआ निधन
मिली जानकारी के अनुसार धमाके में गंभीर रूप से घायल दुकानदार यूसुफ अली (58) की उपचार के दौरान मौत हो गई। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें इंदौर रेफर किया गया था, जहां मंगलवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
तीन का चल रहा है उपचार
हादसे में गम्भीर घायल नाजिम (32), शेख रफीकुद्दीन (35) और ग्राहक संदीप पिता शंकर पाटीदार (35) का इंदौर में उपचार चल रहा है। घटना के बाद दुकान को सील कर दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Hemant Bhatt