दुर्घटना : मांगलिक आयोजन में शामिल होने के लिए जा रहे थाना प्रभारी परिवार की कार पलटी
⚫ पुलिस कर्मियों को सूचना देने के बाद 8 लेन की पेट्रोलिंग गाड़ी पहुंची
⚫ घायलों को लाए मेडिकल कॉलेज में
⚫ प्राथमिक उपचार के बाद किया रेफर
हरमुद्दा
रतलाम 19 मई। मांगलिक आयोजन में शामिल होने के लिए जा रहे थाना प्रभारी के परिवार की कार 8 लेने पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। थाना प्रभारी ने सहकर्मियों को सूचना दी। पेट्रोलिंग वाहन से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। उपचार के बाद रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार की शाम को सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया, पत्नी और दो बच्चों के साथ झाबुआ जिले के थांदला जा रहे थे, जहां पर परिवार में मांगलिक आयोजन था। 8 लेन पर संभवत: बारिश की वजह से गाड़ी असंतुलित होते हुए डिवाइडर से टकराई और पलट गई।

अपनी गाड़ी के साथ थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया (फाइल फोटो)
यह हुए घायल
दुर्घटना में 42 वर्षीय अर्जुन सेमलिया, 32 वर्षीय पत्नी सविता, 10 वर्षीय बेटी आराध्या और 5 वर्षीय बेटा विवान घायल हुए। घायल थाना प्रभारी ने अपने पुलिस कर्मियों को सूचना दी, जहां से एक्सप्रेस वे की पेट्रोलिंग गाड़ी धामनोद से तकरीबन 7 किलोमीटर दूर घटनास्थल पहुंची, सभी को डॉक्टर लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर रात को उन्हें रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
Hemant Bhatt