राहत बन गई मौत : नदी में उतारकर गर्मी में ठंडक का आनंद लेने वाले तीन भाइयों की डूबने से मौत

राहत बन गई मौत : नदी में उतारकर गर्मी में ठंडक का आनंद लेने वाले तीन भाइयों की डूबने से मौत

तीन मृतकों में दो सगे भाई और एक मामा का लड़का

⚫ मामा का लड़का बैंक में था क्लर्क

⚫ सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर

⚫ मिश्रा और तिवारी परिवार में पसरा मातम

हरमुद्दा
मऊगंज, 18 मई। गर्मी से राहत पाने के लिए युवक नहाने नदी में उतरे थे, लेकिन गहराई और तेज बहाव का अंदाज़ा नहीं लग सका। देखते ही देखते तीनों पानी में समा गए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तीन भाइयों की मौत से तिवारी और मिश्रा परिवार सहित गांव में मातम पसर गया।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार को निहाई नदी में नहाने गए एक ही परिवार के तीन युवक पानी के तेज बहाव में डूब गए। यह दर्दनाक हादसा मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के पैपखार गांव में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मऊगंज पुलिस की टीम पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया। 

तीनों की मौत से गांव में पसरा मातम

तीनों युवकों की मौत से गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

तीन मृतकों में दो सगे भाई

बता दें कि मृतकों में दो सगे भाई अमन तिवारी (18), अभय तिवारी (17) समेत उनके मामा का बेटा अभिषेक मिश्रा (24) शामिल है। 

मामा का बेटा भाई बैंक में था क्लर्क

अभिषेक एचडीएफसी बैंक की मऊगंज ब्रांच में क्लर्क था। शनिवार को ड्यूटी के बाद बुआ के घर पैपखार आया था। अभिषेक मिश्रा मऊगंज के दुगोली गांव का रहने वाला था। बड़ा भाई सत्यप्रकाश मिश्रा आईआईटी की तैयारी कर रहा है। सबसे बड़ी बहन है।