रतलाम: जनसुनवाई में पहुंचा मकान सौदे में धोखाधड़ी का मामला
⚫ एडवांस के 13 लाख रुपये हड़पने का आरोप
⚫ 36.51 लाख में तय हुआ था डेढ़ मंजिला मकान का सौदा
⚫ कानूनी नोटिस के बाद भी न रजिस्ट्री की, न लौटाए रुपए
हरमुद्दा
रतलाम, 6 अक्टूबर। शहर में प्रॉपर्टी सौदे के नाम पर लाखों रुपये की अमानत राशि हड़पने और रजिस्ट्री से मुकरने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने एसपी कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में आवेदन सौंपते हुए आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

36.51 लाख में तय हुआ था डेढ़ मंजिला मकान का सौदा
हनुमान रूण्डी निवासी पीड़िता ममता सोनी पति मनीष सोनी के अनुसार, उन्होंने श्रीनगर कॉलोनी स्थित एक डेढ़ मंजिला मकान (प्लॉट क्र. 07, क्षेत्रफल 693.75 वर्गफीट) खरीदने के लिए ऋषभदेव कॉलोनी निवासी पूजा दुबे पति कन्हैयालाल दुबे से सौदा किया था। यह अनुबंध 23 मई 2026 को ₹5,000 के ई-स्टाम्प पर कुल ₹36,51,000 (छत्तीस लाख इक्यावन हजार रुपये) में निष्पादित हुआ था। सौदे के तहत पीड़िता ने ₹13 लाख रुपये एडवांस (बयाना राशि) के रूप में दे दिए थे।
पोर्टल पर ड्राफ्ट अपलोड, पर बायोमेट्रिक/ई-साइन से मुकरी आरोपी
अनुबंध की शर्तों के मुताबिक, शेष ₹23,51,000 का भुगतान कर 20 सितंबर 2026 तक मकान की रजिस्ट्री कराई जानी थी। 19 और 20 सितंबर को शासकीय अवकाश होने के कारण रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी करने के उद्देश्य से सर्विस प्रोवाइडर के माध्यम से 'सम्पदा 2.0' पोर्टल पर डीड का ड्राफ्ट भी अपलोड करा दिया गया था। आरोप है कि ई-साइन और डीड स्वीकार (अंतिम बायोमेट्रिक सत्यापन) करने के समय आरोपी महिला उपस्थित नहीं हुई और लगातार टालमटोल करती रही।
कानूनी नोटिस के बाद भी न रजिस्ट्री की, न लौटाए रुपए
रजिस्ट्री से मुकरने पर पीड़िता ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से 25 सितंबर 2026 को कानूनी नोटिस भी भिजवाया। इसके बावजूद न तो आरोपी महिला ने मकान की रजिस्ट्री कराई और न ही बयाने में लिए गए ₹13 लाख रुपये वापस लौटाए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जांच के आदेश
खुद को ठगा महसूस कर रही पीड़ित ममता सोनी ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर मांग की है कि अमानत राशि हड़पने और जालसाजी करने वाली महिला के खिलाफ धारा अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। जनसुनवाई में मामला सामने आने के बाद एसपी कार्यालय द्वारा माणक चौक थाने प्रभारी विक्रम सिंह को को मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक व आपराधिक कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
Hemant Bhatt