नगर निगम का बड़ा फैसला : श्री कालिका माता मेले में पार्किंग रहेगी पूरी तरह निःशुल्क

नगर निगम का बड़ा फैसला : श्री कालिका माता मेले में पार्किंग रहेगी पूरी तरह निःशुल्क

⚫ यातायात पुलिस संभालेगी कमान

हरमुद्दा
​रतलाम, 6 अक्टूबर। आगामी 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे प्रसिद्ध श्री कालिका माता नवरात्रि मेले में इस बार भी श्रद्धालुओं और आमजन को अपने वाहनों की पार्किंग के लिए एक भी रुपया नहीं देना होगा। नगर निगम की राजस्व समिति ने नागरिकों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए मेले में निःशुल्क वाहन पार्किंग व्यवस्था लागू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।


​मेला परिसर और आसपास के मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुगम बनी रहे और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए पार्किंग का पूरा प्रबंधन यातायात पुलिस विभाग को सौंपा जाएगा।

​बैठक में लिए गए जनता से जुड़े प्रमुख निर्णय

⚫ ​ट्रैफिक-मुक्त रहेगा मेला क्षेत्र: वाहनों के व्यवस्थित भराव और निकासी की जिम्मेदारी यातायात पुलिस की होगी, जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति न बने।

⚫ ​8 अक्टूबर तक दुकानें होंगी आवंटित: चाट-चौपाटी, खिलौने और मनिहारी जैसी दुकानें मेले के पहले ही दिन से शुरू हो सकें, इसके लिए दुकान आवंटन की प्रक्रिया 8 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

⚫ ​शरद पूर्णिमा तक जगमगाएगा मेला: मेला परिसर में आकर्षक लाइट व विद्युत सज्जा शरद पूर्णिमा तक जारी रहेगी।

⚫ ​स्वच्छता और जन-सुविधाएं: निगम द्वारा खरीदे गए 2 नए चलित शौचालय मेला परिसर में तैनात रहेंगे। साथ ही, अवैध दुकानों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी और प्रत्येक दुकानदार को अपनी दुकान पर 4-4 डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा।

यह थे मौजूद

​राजस्व समिति प्रभारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में महापौर के निर्देशों के तहत जनहित के ये तमाम फैसले लिए गए। बैठक में समिति सदस्य, निगम उपायुक्त, सहायक राजस्व निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।