जावरा के होटल प्रेसिडेंट कांड में नया मोड़
⚫ युवती के बाद अब शिक्षक पति ने खाई सल्फास
⚫ अस्पताल में हालत गंभीर
⚫ वीडियो वायरल कर लगाए गंभीर आरोप
हरमुद्दा
रतलाम / जावरा, 5 अक्टूबर। रतलाम जिले के जावरा स्थित प्रेसिडेंट होटल में दो बच्चों के पिता व शिक्षक विजय दगदी को पत्नी द्वारा पुलिस की मौजूदगी में अन्य युवती के साथ पकड़े जाने के मामले ने अब अत्यंत गंभीर और दुखद रूप ले लिया है। शनिवार शाम को जहां मामले से जुड़ी युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की थी, वहीं सोमवार सुबह पति विजय दगदी ने भी सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया।

सूत्रों का अनुसार घटना के तुरंत बाद विजय स्वयं ही गाड़ी चलाकर जावरा के राठौर नर्सिंग होम पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। गौरतलब है कि शनिवार को जहरीला पदार्थ खाने वाली युवती की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है।
अस्पताल जाने से पहले वायरल हुआ भावुक वीडियो
सल्फास खाने के बाद विजय दगदी का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे फूट-फूटकर रोते हुए अपनी सफाई पेश कर रहे हैं और खुद को निर्दोष बता रहे हैं।
वायरल वीडियो में विजय ने रुंधे गले से कहा
विजय ने कहा मेरी मौत का कारण दीपक बोरीवाल रहेगा जो की जावरा सिटी पेज चलाता है। "मेरी राजनीति की हत्या की गई है। मेरी क्या गलती थी? मैंने हमेशा गरीब बच्चों के लिए आंदोलन किए, उनके लिए लाइब्रेरी बनवाई। होटल में मेरा कुर्ता उतरवाया गया... मैंने हाथ जोड़कर वीडियो डिलीट करने की भीख मांगी, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। मैंने 5 सल्फास की गोलियां खा ली हैं।"
"पत्नी ने फंसाया, समाज के लिए काम किया"
अपनी बात रखते हुए विजय ने आगे कहा, "मुझसे एक गलती हुई है, सोचकर देखो तुम भी मर्द हो ना। मुझे भयानक तरीके से फंसाया गया है। एक हाथ से ताली नहीं बजती, अगर मैं बुरा था तो क्या मेरे अंदर 10% भी अच्छाई नहीं थी? पत्नी मंजू ने मुझे केवल बदनाम किया और फंसाया है। मम्मी मुझे माफ कर देना, मैं अच्छा बेटा नहीं बन पाया। मेरा चरित्र खराब नहीं है, मेरे खिलाफ कोई पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं है। मैंने हमेशा समाज हित में काम किया है।"
प्रशासनिक और सामाजिक हलकों में हड़कंप
एक ही घटनाक्रम से जुड़े दो लोगों द्वारा लगातार दो दिनों में आत्महत्या का प्रयास किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद अब पुलिस व प्रशासन इस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रहा है।
Hemant Bhatt