डेलनपुर टोल टैक्स पर आबकारी विभाग का शिकंजा, पकड़ी 11.45 लाख रुपये की अवैध शराब
⚫ तूफान वाहन जब्त
⚫ 2 आरोपी गिरफ्तार
हरमुद्दा
रतलाम, 5 अक्टूबर। जिले में अवैध मदिरा के कारोबार और परिवहन पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग की टीम ने धामनोद-रतलाम मार्ग पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध रूप से शराब ले जा रही एक फोर व्हीलर गाड़ी को जप्त किया है। कार्रवाई के दौरान 11.45 लाख रुपये मूल्य की अवैध मदिरा और वाहन जप्त कर दो आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है।
सहायक आबकारी आयुक्त विकास मण्डलोई ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध मदिरा परिवहन की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत 4 अक्टूबर को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया था। आबकारी उपनिरीक्षक अर्पित पांडे के नेतृत्व में टीम ने धामनोद से रतलाम मार्ग पर स्थित डेलनपुर टोल प्लाजा के पास नाकेबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की।
लाखों की शराब के साथ वाहन जब्त

चेकिंग के दौरान धामनोद की ओर से आ रही एक संदिग्ध फोर्स तूफान गाड़ी (क्रमांक GJ 09 BM 2538) को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन की जांच करने पर बिना किसी वैध पास या परमिट के ले जाई जा रही भारी मात्रा में देशी व अंग्रेजी शराब और बीयर की पेटियां बरामद हुईं।
बरामद माल में शामिल हैं
⚫ माउंट 6000 बीयर: 22 पेटियां
⚫ बोल्ट बीयर: 10 पेटियां
⚫ देशी मदिरा प्लेन: 10 पेटियां
(कुल जप्त मदिरा: 42 पेटियां)
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बिना पास-परमिट के अवैध रूप से मदिरा का परिवहन पाए जाने पर आबकारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब और प्रयुक्त वाहन (फोर्स तूफान) को विधिवत जब्त कर लिया। जब्त की गई शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 11,45,000 रुपये बताई गई है।
नेटवर्क का लगाया जा रहा सुराग
मामले में वाहन में सवार 02 आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। विभाग द्वारा आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है ताकि अवैध शराब के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी सुराग लगाया जा सके।
Hemant Bhatt