रतलाम जिले में मकान के कब्जे को लेकर बुजुर्ग महिला की जान लेने वाली मां, बेटी, बेटा और एक महिला गिरफ्तार

रतलाम जिले में मकान के कब्जे को लेकर बुजुर्ग महिला की जान लेने वाली मां, बेटी, बेटा और एक महिला गिरफ्तार

उपचार के दौरान हुई बुजुर्ग की मौत

⚫ घटना के 12 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्त में

हरमुद्दा
रतलाम, 18 जुलाई। थाना बड़ावदा पुलिस ने हत्या के गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर चार फरार आरोपियों को गिरफ्तार  लिया। घटना को अंजाम देने में मां, बेटी, बेटा सहित एक अन्य महिला शामिल है। जिन्होंने मकान के कब्जे को लेकर एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली। गिरफ्तार आरोपियों ने घटना को अंजाम देना कबूल कर लिया है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 जुलाई 2026 को रतलाम जिले के ग्राम लसुडिया जंगली में पुराने मकान पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी अजय, मंजु, साईता एवं भागवंताबाई द्वारा कमलाबाई पति नंदूलाल बागरी (उम्र 70 वर्ष), रविना एवं काजल के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की गई। मारपीट के दौरान कमलाबाई मौके पर ही बेहोश होकर गिर गईं। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जावरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने किया प्रकरण दर्ज

घटना की सूचना पर थाना बड़ावदा में अपराध क्रमांक 236/2026 अंतर्गत धारा 103(1), 296(a), 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पहले किया अजय को गिरफ्तार उसके बाद तीनों महिलाओं को

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी बड़ावदा निरीक्षक संतोष चौरसिया के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर फरार आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। जांच के दौरान सायबर सेल रतलाम की सहायता से तकनीकी सूचना के आधार पर थाना बड़ावदा पुलिस एवं चौकी सुखेड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजय को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने शेष तीनों महिला आरोपियों की भी तलाश कर गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने घटना कारित करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

गिरफ्तार आरोपी

अजय पिता शंकरलाल, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम लसुडिया जंगली, थाना बड़ावदा।

भागवंताबाई पति शंकरलाल, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम लसुडिया जंगली, थाना बड़ावदा।

मंजु पति गोपाल परमार, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम खोखरा, थाना सैलाना, हाल निवासी ग्राम लसुडिया जंगली, थाना बड़ावदा।

साईता पिता शंकरलाल, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम लसुडिया जंगली, थाना बड़ावदा।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी बड़ावदा निरीक्षक संतोष चौरसिया, उपनिरीक्षक एम.एल. बड़ोदिया, सहायक उपनिरीक्षक शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह तोमर, आरक्षक गोपाल सिंह सोनगरा, सायबर सेल रतलाम से प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, आरक्षक विपुल भावसार, आरक्षक मयंक, तथा चौकी सुखेड़ा, थाना पिपलोदा के आरक्षक प्रेम मीणा एवं आरक्षक जितेन्द्र की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।