हादसा : गरबा पांडाल में करंट लगने से मासूम की मौत
⚫ तत्काल मासूम को लाए चिकित्सालय
⚫ चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत किया मृत घोषित
हरमुद्दा
रतलाम, 28 सितंबर। रविवार को शाम को करंट लगने से मासूम की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब मासूम गरबा पांडाल में घूम रहा था, तभी लोहे के पाइप को पकड़ लिया। इसके चलते घटना हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार अर्जुन नगर में शाम को गरबा पांडाल की रोशनी शुरू हुई थी। छोटे-छोटे बच्चे गरबा पांडाल में घूम फिर रहे थे। मस्ती कर रहे थे। तभी 5 वर्षीय बालक हसन पिता अजहर शाह ने गरबा पांडाल में लगा लोहे का पाइप पकड़ लिया, जिसमें करंट आ रहा था। झटके से बालक तत्काल जमीन पर गिरा। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
तत्काल लेकर आए अस्पताल
करंट से घायल हुए बालक को जिला चिकित्सालय गया, जहां पर चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया।
अजहर शाह की एक 7 वर्षीय बालिका है। अजहर होटल पर खाना बनाने का कार्य करते हैं। घटना से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट गया है।
हवा चलने से हो सकता है तार खम्बे से टच हो गए हो
उल्लेखनीय है कि शनिवार शाम से ही बारिश होने के चलते रविवार को भी तेज हवा चल रही थी। सुबह से शाम तक रुक-रुक कर बारिश होने का सिलसिला चल रहा था। हवा के चलते हो सकता है करंट का तार लोहे के पाइप से टच हो गया होगा। शाम को जब रोशनी शुरू हुई तो उसका करंट लोहे के पाइप में आ गया और यह घटना हो गई।
Hemant Bhatt