रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: असली का झांसा देकर 40 लाख की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा

रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: असली का झांसा देकर 40 लाख की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा

⚫ व्यापारी से 40 लाख रुपये की ठगी का खुलासा

⚫ ​माणकचौक थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 6 सदस्यों को दबोचा

⚫ असली सोना दिखाकर, इलाज और बेटी की शादी का झांसा देकर नकली आभूषण थमाना।

हरमुद्दा
​रतलाम, 22 अक्टूबर। थाना माणकचौक पुलिस ने आमजन और व्यापारियों को नकली सोने-चांदी के आभूषण असली बताकर ठगने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस गिरफ्त में आए मुख्य आरोपियों से रिमांड के दौरान लगातार पूछताछ की जा रही है, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं।


​इसी कड़ी में पूछताछ के दौरान आरोपी मानसिंह ने चौंकाने वाला सच उगला है। उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इंदौर में भी इसी तर्ज पर एक बड़े व्यापारी के साथ 40 लाख रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। इस संबंध में पीड़ित व्यापारी द्वारा पहले ही इंदौर के थाना लसुड़िया में मामला दर्ज कराया गया था।

​इस तरह रची गई थी ठगी की साजिश

​इंदौर के एक व्यापारी के साथ हुई इस ठगी की पटकथा बेहद शातिर तरीके से लिखी गई थी।

​मुलाकात और झांसा: 22 सितंबर 2023 को व्यापार के सिलसिले में बैंक जा रहे फरियादी की मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिसने उसे सोने के आभूषण बेचने की पेशकश की।

​विश्वास जीतना: शुरुआत में अविश्वास दिखाने पर आरोपियों ने फोन पर अपनी मां और मामा से बात कराई। उन्होंने मजबूरी बताते हुए कहा कि उन्हें इलाज और बेटी की शादी के लिए गहने बेचने हैं।

​असली लॉकेट का पैंतरेबाज़ी: आरोपियों ने व्यापारी को एक सोने का लॉकेट जांच के लिए दिया, जो सोनार से चेक कराने पर असली निकला। इससे आरोपियों पर व्यापारी का भरोसा पूरी तरह जम गया।

​40 लाख रुपये का सौदा: आरोपियों ने बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे पर व्यापारी से संपर्क किया। इसके बाद व्यापारी अपने भाई के साथ आरोपियों को अपनी कार में बैठाकर अपने कार्यालय लाया। वहां उन्होंने करीब 4 किलोग्राम सोने के आभूषण होने और उनकी कीमत 70 से 80 लाख रुपये बताई।

​धोखाधड़ी का अंज़ाम: तय योजना के अनुसार, व्यापारी घर से 40 लाख रुपये नकद लेकर कार्यालय पहुंचा। इसके बाद बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे पर आरोपियों ने रुपयों से भरा बैग लिया और बदले में आभूषणों की थैली थमाकर रफूचक्कर हो गए। व्यापारी ने जब घर पहुंचकर थैली की जांच की, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई—असली सोने के बजाय थैली में सिर्फ नकली लॉकेट भरे हुए थे।

​पुलिस की चेतावनी और आगे की कार्रवाई

​रतलाम पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि इस गिरोह ने मध्य प्रदेश के अन्य जिलों या अन्य राज्यों में इस प्रकार की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति से सस्ते या बिना पक्के बिल के सोने-चांदी के आभूषण खरीदने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

मुद्दे की बात 
​
यदि आपके साथ या आपके किसी परिचित के साथ इस प्रकार की किसी अन्य घटना को अंजाम दिया गया है, तो तुरंत स्थानीय थाने से संपर्क कर पुलिस को इसकी जानकारी दें।