रतलाम में शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही : पीएम श्री एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के हाल और हकीकत
⚫ निरीक्षण के दौरान खुली पोल
⚫ विद्यार्थियों को अब तक नहीं मिलीं किताबें और साइकिलें
हरमुद्दा
रतलाम / रिंगनोद, 16 अक्टूबर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम रिंगनोद में आयोजित शिविर के तुरंत बाद कलेक्टर अजय कटेसरिया और जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने 'पीएम श्री एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय' का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला शिक्षा विभाग के दावों की धज्जियां उड़ती नजर आईं। न तो विद्यार्थियों को समय पर किताबें मिलीं और न ही साइकिलों का पूरी तरह वितरण हो सका। विद्यालय की व्यवस्थाओं और जर्जर भवन को देखकर कलेक्टर एवं विधायक ने गहरी नाराजगी जताई। निरीक्षण के समय जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

जर्जर भवन देखकर भड़के कलेक्टर, नए भवन का प्रस्ताव भेजने के निर्देश
विद्यालय भवन की बदहाल और जर्जर स्थिति को देखकर कलेक्टर श्री कटेसरिया ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने मौके पर मौजूद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय के नवीन भवन निर्माण हेतु तत्काल प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि आवश्यक बजट स्वीकृत होते ही नए भवन का कार्य शुरू कराया जा सके।
शत-प्रतिशत पुस्तक वितरण न होने पर जताई कड़ी नाराजगी

कलेक्टर ने स्कूल की लाइब्रेरी का गहन निरीक्षण किया और पुस्तकों के रखरखाव व वितरण का रिकॉर्ड जांचा। सत्र बीतने के बाद भी विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत पुस्तकें वितरित न होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
जांच के आदेश
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि पुस्तक वितरण की स्थिति की निष्पक्ष जांच की जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों/कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
व्यवस्थित रखरखाव

उन्होंने पुस्तकालय की पुस्तकों को व्यवस्थित ढंग से संधारित (Maintain) करने और विद्यार्थियों को समय पर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
साइकिल वितरण में देरी पर लगाई फटकार
निरीक्षण के दौरान यह बात भी सामने आई कि कई छात्र-छात्राएं अब भी शासन की महत्वाकांक्षी साइकिल योजना के लाभ से वंचित हैं। स्कूल में साइकिलों का वितरण अधूरा पाया गया, जिस पर विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय एवं कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए शेष साइकिलों का वितरण शीघ्र अति शीघ्र सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर का कड़ा संदेश
"विद्यार्थियों को शासन द्वारा दी जाने वाली सभी सुविधाओं और योजनाओं का लाभ समय पर मिलना अनिवार्य है। शिक्षा विभाग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाए और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"
प्रमुख बिंदुओं पर एक नजर
⚫ स्कूल भवन जर्जर एवं असंतोषजनक स्थिति। नवीन भवन हेतु शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश
⚫ पुस्तकालय व किताबें : शत-प्रतिशत पुस्तक वितरण नहीं हुआ। जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश।
पुस्तक में व्यवस्थित रखने के निर्देश।
⚫ साइकिल योजना : कई विद्यार्थियों को साइकिलें नहीं मिलीं । शेष बची साइकिलों का शीघ्र वितरण कराने के निर्देश
Hemant Bhatt