शादी बनी चर्चा का मुद्दा : भाजपा के पूर्व मंत्री ने की कांग्रेस नेत्री से शादी
⚫ आर्य समाज में हुई है शादी
⚫ 63 वर्ष के दूल्हे की 43 वर्ष की है नई दुल्हन
⚫ राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बनी चर्चा का विषय
हरमुद्दा
शनिवार 20 दिसंबर। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के बेटे और शिवराज सरकार में मंत्री रह चुके दीपक जोशी ने 63 वर्ष की उम्र में तीसरी शादी कर ली है। उनकी तीसरी पत्नी महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश सचिव पल्लवी राज सक्सेना बनी हैं। विवाह का मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है। जोशी ने कहा है कि न्यायालय में मामले चल रहे हैं। वह सोमवार को भोपाल में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे, जिसमें सारी बातें साफ हो जाएंगी।

सोशल मीडिया पर चल रही जानकारी के अनुसार भाजपा में मंत्री रहे दीपक जोशी (63) ने कांग्रेस नेत्री पल्लवी राज सक्सेना (43) से विवाह किया है। शादी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई, जिसमें परिवार के करीबी लोग ही शामिल रहे। गौरतलब है कि दीपक जोशी का नाम मध्यप्रदेश की राजनीति में एक अनुभवी नेता के रूप में जाना जाता है, वहीं पल्लवी राज सक्सेना महिला कांग्रेस में सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं।
4 दिसंबर को हुआ विवाह आर्य समाज में

सोशल मीडिया में इससे जुड़े फ़ोटो बहुप्रसारित हुए हैं। हालांकि हरमुद्दा डॉट कॉम इनकी पुष्टि नहीं करता। कहा जा रहा है कि 4 दिसम्बर को आर्य समाज मंदिर भोपाल में शादी हुई है।
पहली पत्नी का निधन, दूसरी का चल रहा है तलाक का मामला
सोशल मीडिया की जानकारी के अनुसार दीपक की यह तीसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी का निधन हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, दूसरी पत्नी का अभी तलाक नहीं हुआ है।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बनी चर्चा का विषय
शादी की जानकारी सामने आने के बाद कांग्रेस नेता बृजेन्द्र शुक्ला ने दीपक जोशी और पल्लवी राज सक्सेना की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं और दोनों को बधाई दी। तस्वीरें सामने आने के बाद यह शादी राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Hemant Bhatt