अभ्यास प्रतिभा खोज परीक्षा (ATSE) का परिणाम घोषित : जानकी मंडप में गूंजी तालियां, प्रद्युम्न, ऋतिका, हर्ष और प्रियांशु बने टॉपर

अभ्यास प्रतिभा खोज परीक्षा (ATSE) का परिणाम घोषित : जानकी मंडप में गूंजी तालियां, प्रद्युम्न, ऋतिका, हर्ष और प्रियांशु बने टॉपर

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

⚫ 'सफलता के लिए आत्मविश्वास और अनुशासन जरूरी'

हरमुद्दा
रतलाम, 7 जून। शास्त्री नगर स्थित शहर के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान 'अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट' द्वारा आयोजित अभ्यास प्रतिभा खोज परीक्षा (ATSE) 2026 का परीक्षा परिणाम रविवार को घोषित कर दिया गया। इस अवसर पर बरवड़ हनुमान मंदिर स्थित जानकी मंडप में एक भव्य परिणाम एवं छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। गरिमामय वातावरण में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में शहर के सैकड़ों प्रतिभावान विद्यार्थियों, उनके गौरवान्वित अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों की भारी उपस्थिति रही।


दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ भव्य शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों और संस्था के पदाधिकारियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर राकेश कुमावत ने सभी अतिथियों, पालकों और बच्चों का आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह थे मंचासीन

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षाविद आर. एन. केरावत, समता International स्कूल के प्राचार्य आई. ए. खान तथा साई श्री International स्कूल की प्राचार्या डॉ. श्वेता विंचुरकर मंचासीन रहे।

मुख्य अतिथियों का मार्गदर्शन

 'सफलता के लिए आत्मविश्वास और अनुशासन जरूरी'

मंच से विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए मुख्य अतिथियों ने कहा कि जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना और उसे पाने के लिए निरंतर मेहनत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन बनाए रखने तथा हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। अतिथियों ने जोर देकर कहा, "सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता; इसे प्राप्त करने के लिए आत्मविश्वास, नियमित अध्ययन और दृढ़ संकल्प अत्यंत आवश्यक हैं।" इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों और बच्चों को आज के दौर में प्रतियोगी परीक्षाओं के महत्व को समझाया और बच्चों को अपने सपनों को साकार करने के लिए बिना रुके प्रयास करने का संदेश दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह के बीच विद्यार्थियों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। संस्थान की छात्रा तन्वी कटारिया, कृपा गोलाडिया एवं हर्षिता यादव ने अपनी मनमोहक और जादुई प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और पूरे माहौल को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
 मंच संचालन राकेश जादौन एवं आदर्श द्विवेदी द्वारा किया गया। दोनों ही प्रस्तोताओं ने अपने शानदार और ऊर्जस्वित संचालन से पूरे पंडाल को अंत तक बांधे रखा। डायरेक्टर डॉ. राकेश कुमावत ने ने माना। 

मेडल, सर्टिफिकेट और उपहार पाकर खिले बच्चों के चेहरे

ATSE परीक्षा में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों के हौसले को बढ़ाने के लिए संस्थान द्वारा सभी को मेडल एवं प्रमाण-पत्र (Certificate) प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रत्येक कक्षा के टॉप 5 विद्यार्थियों को विशेष रूप से आकर्षक एवं रोचक उपहार (Interesting Gifts) दिए गए।

कक्षावार ये रहे 'शहर के सितारे' 

कक्षा 8वीं के होनहार छात्र

⚫ प्रथम: प्रद्युम्न शर्मा (पुत्र दीपेन्द्र शर्मा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कक्षा में पहला स्थान प्राप्त किया।

⚫ द्वितीय: साक्षी गेहलोत (पुत्री दीपक गेहलोत) दूसरे स्थान पर रहीं।

⚫ तृतीय: अर्पिता शर्मा (पुत्री अर्जुन शर्मा) ने तीसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

कक्षा 9वीं के उभरते सितारे

⚫ प्रथम: ऋतिका शर्मा (पुत्री रवि प्रकाश शर्मा) ने अपनी कक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया।

⚫ द्वितीय: ओपल शर्मा ( पुत्री संतोष शर्मा) ने द्वितीय स्थान पर कब्जा जमाया।

⚫ तृतीय: आर्या कोठारी (पुत्री सौरभ कोठारी) तीसरे स्थान पर रहकर सम्मानित हुईं।

 कक्षा 10वीं के मेधावी विद्यार्थी

⚫ प्रथम: हर्ष गेहलोत (पुत्र दीपक गेहलोत) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।

⚫ द्वितीय: व्राशिन जैन मेहता (पुत्र मयूर जैन मेहता) ने दूसरा मुकाम हासिल किया।

⚫ तृतीय: पियूष परिहार (पुत्र रामप्रसाद परिहार) तीसरे स्थान पर रहे।

कक्षा 11वीं के भविष्य के लीडर्स

⚫ प्रथम: प्रियांशु डाबिया (पुत्र विजय डाबिया) ने कड़े मुकाबले में पहला स्थान हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया।

⚫ द्वितीय: कनिष्का अग्रवाल (पुत्री निलेश अग्रवाल) दूसरे स्थान पर रहीं।

⚫ तृतीय: भावेश जाटव (पुत्र निरंजन जाटव) ने तीसरा स्थान प्राप्त कर अपनी सफलता दर्ज कराई।

डायरेक्टर ने माना सभी का आभार

डायरेक्टर राकेश कुमावत ने कहा कि समग्र रूप से, अभ्यास प्रतिभा खोज परीक्षा (ATSE) विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को पहचानने, उन्हें मंच प्रदान कर सम्मानित करने तथा भविष्य की कठिन प्रतियोगी चुनौतियों के लिए प्रेरित करने का एक बेहद सफल और प्रेरणादायी माध्यम साबित हुई। अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर श्री कुमावत ने समारोह में गरिमा बढ़ाने के लिए सभी मुख्य अतिथियों, संबल देने के लिए अभिभावकों, अथक परिश्रम के लिए प्रिय विद्यार्थियों एवं कार्यक्रम व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने वाले सभी सहयोगकर्ताओं का सहृदय आभार व्यक्त किया।