रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: त्योहारों पर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार, पिता-पुत्र समेत 6 ठग धराए

रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: त्योहारों पर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार, पिता-पुत्र समेत 6 ठग धराए

⚫ ​नकली सोने-चांदी के आभूषणों और मूर्तियों का भारी जखीरा बरामद

⚫ ​हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में फैला है ठगों का नेटवर्क

⚫ ​थाना माणकचौक पुलिस ने फरयादी की सूचना पर की त्वरित कार्रवाई

हरमुद्दा
​रतलाम, 18 अक्टूबर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए रतलाम पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। इसी क्रम में थाना माणकचौक पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 सदस्यों को धर दबोचा है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गिरोह में पिता-पुत्र के साथ परिवार की महिलाएं और अन्य रिश्तेदार भी शामिल हैं, जो सुनियोजित तरीके से लोगों को अपना शिकार बनाते थे।

​त्योहारी सीजन का फायदा उठाने आए थे बदमाश

​ प्रेस वार्ता में जानकारी देते हो पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार पुराने कंट्रोल रूम पर आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को बताया कि पुलिस की विशेष टीमें बाजारों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थीं। इसी दौरान 16 अक्टूबर 2026 को थाना माणकचौक पुलिस को कसारा बाजार में बर्तन व्यापारी मुस्तफा तांबावाला ने बताया कि कुछ व्यक्ति सोने की टुकड़ा कम दाम में देने की बात कर रहे हैं। उन्हें शक हुआ तो माणक थाना पर इसकी जानकारी दी। प्रेस वार्ता में एएसपी राकेश पन्द्रों, विवेक कुमार लाल, थाना प्रभारी विक्रम सिंह मौजूद थे। 

तीन पुरुष तीन महिला गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना मिली कि हरियाणा के फरीदाबाद से कुछ संदिग्ध लोग रतलाम क्षेत्र में सक्रिय हैं। ये लोग नकली सोने और चांदी के आभूषणों को असली बताकर स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ​सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और 3 पुरुषों तथा 3 महिलाओं सहित कुल 6 आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि करीब 11 दिन से परिवार के 6 सदस्य महावीर नगर में किराए के मकान में रह रहे हैं और रेकी करते हुए अपनी योजना कामयाब करने में लगे हुए थे।  

​व्यापारी को बनाया था शिकार

​पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 16 अक्टूबर को ही रतलाम के फरियादी मुस्तफा तांबावाला की बर्तन की दुकान पर पहुंचकर एक नकली सोने का टुकड़ा असली बताकर ठगी की थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह के तार केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इन्होंने उत्तर प्रदेश और बिहार राज्यों में भी इसी तरह की कई ठगी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब इनसे अन्य वारदातों के संबंध में गहराई से पूछताछ कर रही है।

​मामला दर्ज एवं गिरफ्तार आरोपी

​मामले में थाना माणकचौक पर अपराध क्रमांक 566/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मुख्य गिरफ्तार आरोपी

⚫ ​सागर पिता गणेश राठौर (उम्र 29 वर्ष, निवासी- आदर्श नगर, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद, हरियाणा)

⚫ ​गणेश पिता गंगाराम राठौर (उम्र 55 वर्ष, निवासी- आदर्श नगर, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद, हरियाणा)

⚫ ​मानसिंह पिता वीरचन्द राय (उम्र 36 वर्ष, निवासी- सरोजनी नगर, लखनऊ, उत्तर प्रदेश) (इनके अलावा तीन महिला आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।)

​जब्त सामग्री

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल होने वाला और ठगा गया भारी मात्रा में सामान जब्त किया है।

⚫ ​चांदी के सिक्के: 09 नग (कुल वजन 400 ग्राम)

⚫ ​नकली चांदी के आभूषण: कुल वजन 2.200 किलोग्राम

⚫ ​नकली सोने के आभूषण एवं मूर्ति: कुल वजन 11.800 किलोग्राम

⚫ ​नकद राशि: ₹30,000

⚫ ​इलेक्ट्रिक तौल कांटा: 01 नग

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी माणकचौक निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, उपनिरीक्षक लोकेन्द्रसिंह डाबर, सहायक उपनिरीक्षक गौरचन्द परमार, प्रधान आरक्षक राजसिंह, जितेंद्र जायसवाल अविनाश मिश्रा, हेमंत यादव, सुरेन्द्रसिंह, आरक्षक पंकज, कुलदीप जाट, महेश, जीवन विश्वकर्मा, धीरज यादव, महिला आरक्षक वर्षा पाटीदार, मेघा, भारती पंवार, प्रवीणा सोलंकी, वर्षा कैथवास की सराहनीय भूमिका रही।

रतलाम पुलिस की आमजन एवं व्यापारियों से अपील

रतलाम पुलिस आमजन एवं व्यापारियों से अपील करती है कि सोने-चांदी के आभूषण खरीदते समय उनकी प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा असामान्य रूप से कम कीमत पर सोना-चांदी बेचने की पेशकश किए जाने पर सतर्क रहें। संदिग्ध व्यक्तियों या ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दे।