सामाजिक सरोकार : दमा रोग निवारण की दवा का निःशुल्क वितरण 19 अक्टूबर से

सामाजिक सरोकार : दमा रोग निवारण की दवा का निःशुल्क वितरण 19 अक्टूबर से

⚫ वैद्य विनोद कुमार निगम की स्मृति में श्वास एवं दमा रोग निवारण का सात दिनी शिविर

⚫ 25 अक्टूबर तक चलेगा शिविर

हरमुद्दा
रतलाम, 18 अक्टूबर। सामाजिक संस्था जनशक्ति द्वारा 19 अक्टूबर सोमवार नवरात्रि की नवमी से 25 अक्टूबर रविवार शरद पूर्णिमा तक दमा रोग निवारण की दवा का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। जनशक्ति के वरिष्ठ सदस्य वैद्य  विनोद कुमार निगम की पावन स्मृति में श्वास एवं दमा रोग निवारण के लिए सात दिवसीय निःशुल्क औषधि वितरण स्टेशन रोड पर लगने वाले शिविर किया जाएगा।

वैद्य रत्नदीप निगम ने बताया कि यह दवाई जिला आयुर्वेद सम्मेलन के अनुभवी वैद्यगण के निर्देशन में उनके द्वारा तय किए गए फार्मूले से बनाई जाती है, जिसमें 6 तरह की जड़ी-बूटी का उचित अनुपात में मिश्रण किया जाता है। दवा का शरद पूर्णिमा की अमृतमयी निशा में सेवन करने से दमा एवं श्वास रोगियों को बहुत लाभ होता है। इसके अतिरिक्त गंभीर रोगियों को 18 जड़ी-बूटी से निर्मित 7 दिन की औषधि भी निःशुल्क दी जाएगी जिसके सेवन करने से अनेक रोगियों को पंप से भी छुटकारा मिला और लगातार 3 वर्ष तक सेवन करने से दमे की दवा लेने की भी आवश्यकता नहीं रही है। 

पूर्णिमा की चांदनी रात में ले सकेंगे दवाई अपने घर

जनशक्ति के महेश खंडेलवाल ने बताया कि यह दवा 19 अक्टूबर सोमवार से 25 अक्टूबर रविवार तक प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक जनशक्ति कार्यालय पर वितरित की जाएगी, यह औषधि शरद पूर्णिमा की रात्रि को खीर में मिलाकर रोगी अपने घर पर ही ले सकेंगे। दवा वितरण स्थल पर औषधि के सेवन की विधि, परहेज एवं अन्य उपयोगी जानकारी भी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त गंभीर रोगियों को अगले 7 दिन की दवा भी निःशुल्क प्रदान की जाएगी।

कई जिलों के हुए हैं लाभान्वित

उल्लेखनीय है कि यह आयुर्वेदिक औषधि जनशक्ति द्वारा पिछले 30 वर्षों से वितरित की जा रही है, रतलाम जिले सहित मंदसौर, नीमच, धार, इंदौर, उज्जैन, बांसवाड़ा, झाबुआ, दाहोद, वडोदरा आदि के हज़ारों रोगी  लाभान्वित हुए हैं।