बारिश अलर्ट : रतलाम, नीमच, मंदसौर सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

बारिश अलर्ट : रतलाम, नीमच, मंदसौर सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

चक्रवात, द्रोणिका और कम दबाव के क्षेत्र के चलते मध्य प्रदेश में मौसम रहेगा बारिश का

⚫ प्रदेश में अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम

हरमुद्दा
सोमवार, 23 जून। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटों में अनूपपुर, बालाघाट, बड़वानी, धार, डिंडोरी, गुना, झाबुआ, मंदसौर, मऊगंज, नीमच, रतलाम, रीवा, श्योपुर, सीधी, सिंगरौली में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश (50-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवा के साथ गरज के साथ बिजली) होने की संभावना जताई हैं। आगामी 4 दिन के लिए बारिश का भी अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को ग्वालियर, चंबल, सागर, भोपाल एवं उज्जैन संभाग के जिलों में बारिश, आंधी, बिजली और अतिवृष्टि की संभावना है। उज्जैन, शाजापुर, आगर-मालवा और राजगढ़ में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां 24 घंटे में 8 इंच से ज्यादा पानी गिर सकता है।

प्रदेश में अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवात, द्रोणिका और कम दबाव के क्षेत्र के चलते अगले चार दिन तक मध्य प्रदेश में मौसम बदला रहेगा। खास करके भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर, शहडोल, नर्मदापुरम और रीवा संभाग में बारिश का दौर जारी रहेगा। 

सोमवार 23 जून

उज्जैन, शाजापुर, आगर-मालवा राजगढ़ में अति भारी बारिश रेड अलर्ट। नीमच, मंदसौर, इंदौर और देवास में ऑरेंज अलर्ट ।ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, रतलाम, सीहोर, नर्मदापुरम, विदिशा और सागर में  भारी बारिश की संभावना है। भोपाल समेत अन्य जिलों में आंधी-बारिश।

मंगलवार 24 जून

विदिशा, रायसेन, मंडला और बालाघाट में अति भारी बारिश ऑरेंज अलर्ट।ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, सीहोर, सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर में भारी बारिश ।भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत अन्य जिलों में यलो अलर्ट।

बुधवार 25 जून

डिंडौरी, रायसेन-सागर में अति भारी बारिश। मऊगंज, सिंगरौली, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, उज्जैन, सीहोर, विदिशा में भारी बारिश। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत अन्य जिलों में बारिश का यलो अलर्ट।

गुरुवार 26 जून

छिंदवाड़ा-सिवनी में अति भारी बारिश। ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, बालाघाट, मंडला, अनूपपुर, मैहर, रीवा, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश। 

वर्तमान में सक्रिय है कई मौसम प्रणालियां

वर्तमान में दक्षिण यूपी के मध्य में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात भी संबद्ध है, जो दक्षिण की और झुका हुआ है और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। दक्षिणी पाकिस्तान से लेकर बांग्लादेश तक पूर्वी-पश्चिमी द्रोणिका बनी हुई है, जो उत्तर-पश्चिमी एमपी से होकर जा रही है। बांग्लादेश और उससे लगे पश्चिम बंगाल पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है।

बंगाल की खाड़ी में बनेगा नया चक्रवात 25 जून को

पंजाब से लेकर बिहार तक एक द्रोणिका लाइन बनी हुई है।इन मौसम प्रणालियों के असर से सोमवार-मंगलवार को ग्वालियर, चंबल, सागर, भोपाल एवं उज्जैन संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश बिजली और मेघगर्जन हो सकती है, शेष जिलों में हल्की बारिश होती रहेगी। इधर, 25 जून को बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में नया चक्रवात बनने वाला है।