सक्रिय मिलनसार भाजपा पार्षद का दिल का दौरा पड़ने से निधन
⚫ वे भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के थे जिला अध्यक्ष
⚫ भोजन के बाद टहलने निकले थे, अचानक बिगड़ी तबीयत
हरमुद्दा
छिंदवाड़ा, 16 जुलाई। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। छिंदवाड़ा नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक-15 से लोकप्रिय भाजपा पार्षद लोकेश डेहरिया का बीती रात दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से असामयिक निधन हो गया। उनके इस अचानक निधन से पूरे शहर और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। वे भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष भी थे।

पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्षद लोकेश डेहरिया रोज की तरह बीती रात भी घर पर भोजन करने के बाद टहलने (वॉक पर) निकले थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े।
आसपास के लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें संभाला और तुरंत निजी वाहन से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों ने घोषित किया मृत
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने उनका तुरंत परीक्षण किया, लेकिन दुर्भाग्यवश तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें 'मृत्य घोषित' कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, प्राथमिक रूप से मौत का कारण गंभीर कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) माना जा रहा है।
मिलनसार और सक्रिय जनप्रतिनिधि थे लोकेश
लोकेश डेहरिया अपने क्षेत्र में एक बेहद सक्रिय, ऊर्जावान और मिलनसार जनप्रतिनिधि के रूप में जाने जाते थे। वार्ड क्रमांक-15 की जनता के सुख-दुख में वे हमेशा खड़े रहते थे। इतनी कम उम्र में उनके चले जाने से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं उनके समर्थकों और वार्ड वासियों की आंखें नम हैं।
सूचना मिलते ही पहुंचे उनके चाहने वाले
घटना की सूचना मिलते ही शहर के तमाम जनप्रतिनिधि, कांग्रेस व भाजपा के वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में आम नागरिक जिला अस्पताल और उनके निवास पर एकत्रित होने लगे। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Hemant Bhatt